19 के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीडीसी ने की बैठक
बोकारो : डीडीसी रवि रंजन मिश्रा की अध्यक्षता में 19 जनवरी को पुस्तकालय मैदान में ‘ग्लोबल एक्टिव सिटी’ के तौर पर बोकारो के चयन होने पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में संपन्न हुई. डीडीसी ने कहा : यह फिट इंडिया मूवमेंट का अंतरराष्ट्रीय वर्जन है. ग्लोबल एक्टिव सिटी कार्यक्रम दुनिया भर के तमाम लोगों में स्वास्थ्य के प्रति सजगता लायेगा. बैठक में विभिन्न प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल व प्रतिनिधियों के अलावा खेल संघ के पदाधिकारी व जिला प्रशासन के पदाधिकारी मौजूद थे.
पुस्तकालय मैदान में कार्यक्रम की शुरुआत होगी : डीडीसी ने बताया कि ग्लोबल एक्टिव सिटी कार्यक्रम को लेकर 19 जनवरी को सुबह 7.30 बजे जिला प्रशासन ने पुस्तकालय मैदान में भव्य कार्यक्रम होगा. इसमें शहर के सभी स्कूली बच्चे व शिक्षक, जिला स्तरीय व सभी प्रखंड कार्यालयों से पदाधिकारियों व कर्मियों सहित तमाम बोकारो जिले से भारी संख्या में बुद्धिजीवी हिस्सा लेंगे. इस कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर लगाया जायेगा. साथ ही बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल जैसे कई खेल आयोजित किये जायेंगे.
कई कैंप लगेंगे : कार्यक्रम के दौरान छऊ नृत्य का आयोजन मुख्य आकर्षण बनेगा. उसके अलावा आपदा प्रबंधन, फर्स्ट एड, रोड सेफ्टी, हेल्थ एंड न्यूट्रिशन, एनिमल हसबेंडरी, एंटी टोबैको जैसे विषयों पर जानकारी देने के लिए कैंप भी लगाये जायेंगे. इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा रंगोली भी बनायी जायेगी. कार्यक्रम में संगीत व पेंटिंग-चित्रकारी पर भी कैंप भी लगेंगे. डीडीसी ने पुस्तकालय में कार्यक्रम के लिए स्थल का निरीक्षण भी किया. उन्होंने संबंधित विभाग को इसके लिए आवश्यक निर्देश दिया.
