सेवानिवृत्त बीएसएल कर्मी से 1.30 लाख की छिनतई

सिटी सेंटर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास दिनदहाड़े अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम बोकारो : सेक्टर चार सिटी सेंटर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के निकट सेवानिवृत्त बीएसएल कर्मी अविनाश महतो से दिनदहाड़े 1.30 लाख रुपये की छिनतई हो गयी. वह तुपकाडीह के नूतनडीह के रहने वाले हैं. घटना मंगलवार अपराह्रन लगभग तीन बजे […]

सिटी सेंटर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास दिनदहाड़े अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

बोकारो : सेक्टर चार सिटी सेंटर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के निकट सेवानिवृत्त बीएसएल कर्मी अविनाश महतो से दिनदहाड़े 1.30 लाख रुपये की छिनतई हो गयी. वह तुपकाडीह के नूतनडीह के रहने वाले हैं. घटना मंगलवार अपराह्रन लगभग तीन बजे की है. श्री महतो के अनुसार घर की मरम्मत के लिए लोन पर 1.30 लाख रुपये निकाले और पॉलीथिन बैग में रख कर बैंक के बाहर अपनी बाइक के पास आये.
बाइक का लॉक खोलने के दौरान रुपये से भरा पॉलीथिन बैग उन्होंने अपनी बांह में दबा लिया. इसी दौरान एक युवक बाइक से आया और बाइक खड़ा कर रुपये से भरा पॉलीथिन छीन कर बाइक से भाग गया. घटना की सूचना पाकर सेक्टर चार थाना पुलिस पहुंची. पुलिस ने अविनाश से पूछताछ की और बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज की जांच की.
घटनास्थल के समीप फुटपाथ दुकानदारों से भी पूछताछ की गयी, लेकिन सभी ने घटना के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की. श्री महतो ने पुलिस को आवेदन दिया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया. बाइक से महात्मा गांधी चौक तक बाइक से अपराधी का पीछा भी किया. इसके बाद वापस बैंक लौट आये.
मैनेजर और पुलिस को दिये बयान में अंतर
पुलिस ने बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखा. इसमें दिख रहा है कि श्री महतो बैंक से रुपया लेने के बाद उसे पॉलीथिन बैग में रख रहे हैं. बैंक से बाहर आकर बाइक की डिक्की खोल कर रुपये से भरा पॉलीथिन बैग रखते हैं. इसके बाद वह बाइक खोल कर आराम से चले जाते हैं.
श्री महतो के द्वारा बताये गये स्थान पर छिनतई की घटना नहीं दिख रही है. पुलिस को बैंक के मुख्य प्रबंधक महेंद्र नाथ शरण ने बताया कि बैंक से रुपये निकालने के लगभग आधा घंटा बाद श्री महतो उनके पास आये थे.
कहा कि वह बैंक के बाहर खड़ी अपनी बाइक की डिक्की में रुपयाें से भरा पॉलीथिन बैग रख कर पास में ही चाय पीने चले गये थे. कुछ देर के बाद लौटे तो डिक्की खुली हुई थी और रुपये गायब थे. पुलिस सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >