ले भागे डीबीआर, लेकिन पूरी वारदात मुंबई हेड ऑफिस के सर्वर में कैद
4निरसा : निरसा थानांतर्गत निरसा चौक के पास स्थित एक्सिस बैंक में मंगलवार को दिनदहाड़े 16.50 लाख का डाका पड़ा. दोपहर बाद एक से डेढ़ बजे के बीच सशस्त्र अपराधियों ने अधिकारी-कर्मी व ग्राहकों को बंधक बना घटना को अंजाम दिया. इस दौरान शाखा प्रबंधक के साथ मारपीट भी की गयी. घटना के वक्त बैंक के कर्मी और ग्राहक मिला कर कुल 13 लोग थे. लगभग आधा घंटा तक उत्पात मचाने के बाद जाने के समय डकैतों ने शटर गिरा दिया. डकैत जाते वक्त सीसीटीवी का डीबीआर लेते गये, लेकिन सर्वर रूम का कनेक्शन हेड ऑफिस मुंबई से जुड़े होने के कारण वारदात का लाइव बैंक के पास उपलब्ध है.
सूचना पाकर निरसा पुलिस व एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर छापेमारी अभियान चलाया. किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. शाम को एसएसपी किशोर कौशल व ग्रामीण एसपी अमन कुमार भी बैंक पहुंचे और अधिकारियों व कर्मियों से पूछताछ की.
बैंक के टॉयलेट व किचन में सभी को बैठा कर बाहर निकले
जाने से पहले अपराधियों ने सभी कर्मियों एवं ग्राहकों को पहले काउंटर के समक्ष खड़ा कर रखा. इसके बाद सभी को शाखा परिसर में बने दो टॉयलेट एवं किचन रूम में बैठा दिया. कहा कि पांच मिनट तक बाहर मत निकलना, नहीं तो गोली मार देंगे. मुख्य द्वार के समक्ष दो जिंदा बम भी रख दिया. किसी तरह से हो हल्ला करने एवं सायरन बजाने पर पूरे बैंक को उड़ा देने की धमकी दी.
अपराधियों का चेहरा सीसीटीवी में न आ जाए, इसके लिए उन लोगों ने सीसीटीवी एवं कंप्यूटर का सीपीयू ले लिया. उनके जाने के करीब पांच मिनट बाद शाखा प्रबंधक कौंडिल्य बाहर निकले एवं सभी कर्मियों व ग्राहकों को बाहर निकलवाया. फिर घटना की जानकारी पुलिस को दी.
