बांधगोड़ा साइड के पासहुई दुर्घटना
स्कूल से घर जा रहे थे बच्चे
चास :पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के बांधगोड़ा साइड में गुरुवार को स्कूली बच्चों से भरा टाटा मैजिक (जेएच09यू-9022) वाहन पलट गया. ऑटो में 14 बच्चे सवार थे, जिसमें 10 घायल हो गए. घायल बच्चों में बिट्टू कुमार, पलक कुमारी, रूपेश कुमार, पीहू कुमारी, स्मृति कुमारी, सुमित कुमार, पूनम कुमारी, प्रीति कुमारी, डोली कुमारी, सुफल कुमार शामिल हैं.
इनमें से बिट्टू, पीहु, स्मृति व पूनम को अधिक चोट लगी है. सभी बच्चे गैलेक्सी पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं. सूचना पर स्कूल के प्राचार्य एसके दत्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे व स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी बच्चों को चास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
कैसे घटी घटना : स्थानीय निवासी रंजीत कुमार माहथा ने बताया कि दोपहर 12 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद ऑटो बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए जा रहा था. इस दौरान बांधगोड़ा साइड के चारकोनिया तालाब के पास ऑटाे अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 15 फुट गहरे तालाब में गिर गया. तालाब में पानी नहीं था. बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़े. वाहन से सभी बच्चों को बाहर निकाला. आक्रोशित भीड़ को देखते हुए चालक नारायणपुर निवासी आफताब भाग गया.
