चुनाव को लेकर युवाओं में खासा उत्साह लोकतंत्र की मजबूती के लिए करेंगे वोट
दुलमी : लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से ही युवा मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है. खास कर वैसे मतदाता जो पहली बार लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेकर अपने मत का प्रयोग करेंगे. चुनाव को लेकर प्रभात खबर ने कई युवाओं से बात की. अनिल इग्नेश ने कहा कि वह पहली बार […]
दुलमी : लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से ही युवा मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है. खास कर वैसे मतदाता जो पहली बार लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेकर अपने मत का प्रयोग करेंगे. चुनाव को लेकर प्रभात खबर ने कई युवाओं से बात की. अनिल इग्नेश ने कहा कि वह पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे. राष्ट्रहित के लिए सोच समझ कर अपना मत देंगे. स्वच्छ छवि के नेता को ही अपना बहुमूल्य वोट देंगे. युवा गुड्डू करमाली का कहना है कि मतदान देना सबसे बड़ा अधिकार है.
मतदान में युवाओं का अहम योगदान होता है. रोजगार, शिक्षा और विकास के मुद्दे पर वोट देंगे. करण विजेंद्र ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में सभी को अपना वोट देकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि एक – एक मत बहुमूल्य है. यह मत पांच वर्ष का भविष्य तय करता है.
दीपेन कुमार पहली बार मतदान करेंगे. वह अपने नागरिक अधिकारों को जानने और लोकसभा चुनाव में अपनी राय मतदान के जरिये जाहिर करने को लेकर उत्साहित है. चिरंजीवी कुमार ने कहा कि यह चुनाव पांच वर्ष में एक बार आता है. अपना मत विवेक के साथ करेंगे. विकास कुमार ने कहा कि देश की मजबूती के लिए वोट देंगे. दीपेन टाइगर ने कहा कि युवा ही देश के भावी कर्णधार हैं. अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी से ही बेहतर सरकार बनेगी.