कोलबेंदी पंचायत के दर्जनों किसान मायूस
चास : सोमवार को हुई मात्र 10 मिनट की ओलावृष्टि से कोलबेंदी पंचायत क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ की गेहूं व सब्जी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. कृषि प्रधान क्षेत्र कोलबेंदी पंचायत के हरिलागोड़ा, मामरकुदर, हरिडीह, तियाड़ा सहित अन्य गांवों के दर्जनों किसानों की फसल को ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है. गेहूं के फसल को अधिक नुकसान हुआ है. पूरी की पूरी फसल जमीन पर गिर गयी है. आसपास के सैकड़ों लोग सब्जी की खेती कर रहे हैं.
कई किसानों के एक-एक एकड़ में बोये गये खीरा, लौकी, बैंगन, टमाटर, नेनुआ आदि फसलों को भी नुकसान हुआ है. किसान अपने खेत पहुंचे तो नुकसान देखकर दुखी हुये. इनमें से कई किसानों ने ऋण लेकर फसल लगाया था. कई किसानों ने मंगलवार को चास प्रखंड कार्यालय जाकर बीडीओ से फसल की भरपाई करने की मांग करने की बात कही. कई किसान ऐसे भी हैं, जो सब्जी की खेती कर सालभर में दो से तीन लाख रुपये की कमाई करते हैं.
आम व महुआ को भी क्षति : चास प्रखंड क्षेत्र में पिंड्राजोरा सहित कई पंचायतों में आम, महुआ व कटहल के फसलों को भी क्षति होने की जानकारी मिली है. पिंड्राजोरा क्षेत्र के किसान सहदेव महथा, दिवाकर चौधरी, रघुवीर महतो ने बताया कि काफी मात्रा में आम व महुआ के अंकुर झड़ गये हैं. वहीं कटहल के फलों को नुकसान पहुंचा है.
