बोकारो : लाइसेंस पर क्वार्टर का इंतजार कर रहे बीएसएल से रिटायर कर्मियों के लिए खुशखबरी है. होली के पहले रिटायर कर्मियों को 1500 क्वार्टर मिलेगा. बीएसएल प्रबंधन ने विभिन्न सेक्टर में खाली पड़े क्वार्टर की सूची तैयार कर ली है. साथ ही विभिन्न सेक्टर में अवैध कब्जा वाले क्वार्टर को अभियान चलाकर खाली कर दिया गया है. रिटायर कर्मी लंबे अरसे से बीएसएल प्रबंधन से लाइसेंस पर क्वार्टर देने की डिमांड कर रहे हैं.
बोकारो में रिटायर कर्मियों की संख्या 3000 से अधिक है. हर माह बीएसएल से 150-200 कर्मी रिटायर हो रहे हैं. इस कारण बोकारो में रिटायर कर्मियों की संख्या बढ़ रही है. बोकारो के विभिन्न सेक्टरों में 2000 से अधिक क्वार्टर खाली पड़े हुए हैं. इनमें से कई क्वार्टर रख-रखाव व मरम्मत के अभाव में जर्जर हो रहे हैं. लाइसेंस पर क्वार्टर देने से क्वार्टर का रख-रखाव होगा, साथ ही बीएसएल प्रबंधन को राजस्व की प्राप्ति होगी.
लाइसेंस पर मिलेगा इ/ एफ टाइप क्वार्टर : सेक्टर 2, 3 व 4 को छोड़ कर शेष सेक्टरों में लाइसेंस पर 1500 इ/एफ क्वार्टर मिलेंगे. बीएसएल रिटायर कर्मियों को लाइसेंस पर क्वार्टर देना है. इसके लिए विभिन्न सेक्टरों में खाली क्वार्टरों की सूची तैयार कर ली गयी है. संभावना जतायी जा रही है कि होली के पहले रिटायर कर्मियों को 1500 क्वार्टर लाइसेंस पर दी जायेगी.
