कसमार : कसमार प्रखंड की सिंहपुर पंचायत स्थित करमा (पुरनाडीह) गांव में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य विवाद के कारण करीब चार माह से बंद है. सूर्याही देवस्थल की जमीन पर अस्पताल का निर्माण करने, रास्ता के लिए रैयती जमीन का उपयोग करने तथा प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं होने की बात को लेकर रैयतों व ग्रामीणों ने विरोध दर्ज किया है.
इस बाबत ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसंवाद, उपायुक्त बोकारो, डीडीसी बोकारो, झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, रांची समेत अन्य अधिकारियों को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन भी भेजा है. भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सिद्धेश्वर महतो ने भी मामले को लेकर अधिकारियों से पत्राचार किया है. इसमें बताया गया है कि पूर्वजों के समय से स्थापित देवस्थल पर अस्पताल भवन बनाया जा रहा है.
निर्माण कार्य शुरू होने के समय इसका विरोध भी हुआ था. देवस्थल पर डीप बोरिंग भी कर दी गयी. रैयतों का आरोप है कि निर्माणाधीन भवन (कार्यस्थल) तक जाने के लिए कोई आम रास्ता नहीं है. निर्माण स्थल अवश्य ही जीएम लैंड है, लेकिन वहां तक जाने के लिए रैयतों की खेती योग्य जमीन का उपयोग किया जा रहा है.
बताया गया कि बैजनाथ महतो, धनाराम महतो, सोनाराम महतो, मनीराम महतो, छुटू महतो, बिहारी महतो, मोती महतो, प्रभु महतो, चिंटू महतो आदि रैयतों की जमीन का उपयोग रास्ता के रूप में जबरन किया जा रहा है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़ा किया है. बताया गया कि प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं हो रहा है.
ग्रामीणों के उपयोग वाले चापाकल के पानी से भवन बनाया जा रहा है. योजनास्थल पर बने शिलापट्ट में प्राक्कलन राशि समेत योजना संबंधित किसी बात का उल्लेख नहीं है. विरोध करने वालों में मौके पर सिद्धेश्वर महतो, भुनेश्वर महतो, जगदंब महतो, डॉ जगदंब, चंद्रकांत महतो, नागेश्वर महतो, सागर महतो, ओमप्रकाश महतो, रवींद्रनाथ महतो, खाड़ेराम महतो आदि मौजूद थे.
