हत्या-दुर्घटना में उलझी पुलिस
महेशमुंडा-गिरिडीह मुख्य मार्ग के रघेडीह के समीप घटी घटना
बेंगाबाद थाना इलाके के बेदोडीह गांव का रहनेवाला था मृतक
गांडेय/बेंगाबाद : महेशमुंडा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर रघेडीह के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. मृतक बेंगाबाद थाना इलाके के बेदोडीह निवासी 28 वर्षीय सुधीर यादव है. घटना मंगलवार की रात लगभग 11.30 की है. बताया जाता है कि सुधीर यादव गिरिडीह शहर में मजदूरी करता था. प्रत्येक दिन की तरह वह मंगलवार को भी काम समाप्त कर गिरिडीह-मधुपुर सवारी ट्रेन से रात के 11 बजे महेशमुंडा स्टेशन में उतरकर दो किलोमीटर दूर स्थित अपने गांव पैदल लौट रहा था.
उसके साथ चकरदहा निवासी बढ़न राम भी था. महेशमुंडा से महज 500 मीटर की दूरी तय करने पर विपरीत दिशा से आ रही सेलेरियो कार (जेएच 10 बीपी 2523) ने सुधीर के साथ बढ़न को धक्का मार दिया. बढ़न वहीं अचेत हो गया. जबकि कार सुधीर को घसीटते हुए दूर तक ले गयी. इस बीच ट्रेन से उतरकर पैदल आ रहे कुछ लोगों ने देखा कि एक कार खड़ी है और कुछ लोग एक युवक को सड़क के किनारे फेंक रहे हैं. यह देख लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
लोगों को आता देख तीन युवक कार पर सवार होकर गांडेय की ओर भागने लगे. हल्ला सुन चौक के दुकानदार इकट्ठा हो गये. दुकानदारों को एकजुट देख कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया. इससे कार सैलून से जा टकरायी. कार के सैलून से टकराते ही कार से उतरकर एक युवक भाग निकला, लेकिन दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. सूचना पर बेंगाबाद पुलिस पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया.
शव के साथ ग्रामीण उतरे सड़क पर :
इधर, सुधीर की मौत की खबर सुनते ही उसके परिजनों के साथ ग्रामीण रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गये. यहां पर शव को उठाने का प्रयास कर रही पुलिस को ग्रामीणों ने रोक दिया. परिजनों का कहना था कि यह हत्या है जिसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया. बुधवार की सुबह चार बजे ग्रामीणों ने इसी स्थान पर सड़क जाम कर दिया.
सूचना पर बेंगाबाद प्रमुख रामप्रसाद यादव व पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा पहुंचे. इसके बाद पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव भी पहुंचे. वहीं जाम की सूचना पर सीओ संजय कुमार सिंह, बीडीओ अभिषेक सिंह, थाना प्रभारी प्रशांत कुमार भी जाम स्थल पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. दोपहर में एसडीपीओ कुमार गौरव पहुंचे. एसडीपीओ ने मामले की जांच करने व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया.
इसके बाद दोपहर 12.15 में जाम हटा. इधर, सामाजिक सुरक्षा कोष से तत्काल पीड़ित परिजन को 10 हजार मुआवजा व आंबेडकर आवास का लाभ देने का आश्वासन बीडीओ ने दिया. जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. एसडीपीओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद घटना का खुलासा होगा.
