रांची: कांग्रेस आलाकमान ने झारखंड सरकार में शामिल पार्टी के सभी चार मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है. प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत को भी दिल्ली बुलाया है.
हरि प्रसाद शनिवार शाम सभी मंत्रियों के साथ बैठक कर सकते हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, एके एंटनी के साथ भी मंत्रियों की बैठक तय की गयी है. सभी मंत्री पार्टी के आला नेताओं को सरकार के कामकाज का हिसाब देंगे. सरकार और विधानसभा चुनाव में गंठबंधन को लेकर मंत्रियों के साथ चर्चा होगी. प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने बताया : वर्तमान परिस्थिति पर आला नेताओं के साथ चर्चा है. भावी कार्य योजना और रणनीति को लेकर पार्टी नेताओं की राय जानी जायेगी.
चिंतन शिविर के फीडबैक पर हो रहा है काम
कांग्रेस के चिंतन शिविर में सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठे थे. मंत्रियों के काम पर भी कई नेताओं ने नाराजगी जतायी थी. चिंतन शिविर में बीके हरि प्रसाद से लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने भी कहा था कि सरकार में काम नहीं हो रहा है, तो कहें समर्थन वापस ले लिया जाये. चिंतन शिविर के फीडबैक से कांग्रेस के दूसरे नेताओं को अवगत कराया गया है. इसके बाद यह बैठक बुलायी गयी है. कांग्रेस के मंत्रियों से भी प्राथमिकता तय करने को कहा गया है. अब आलाकमान मंत्रियों की कार्य योजना से भी अवगत होना चाहता है. कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी सरकार को लेकर जल्द ही कोई फैसला लेना चाहती है.
