बोकारो से आकाश कर्मकार की रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग पर रविवार की देर रात को सड़क हादसा हो गया. फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग के चपरी के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक खाई में जा गिरे. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को खाई से निकाल कर उपचार के लिए फुसरो स्थित अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. जबकि दूसरे युवक का प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया.
मृतक और घायल की पहचान
मृतक की पहचान चपरी के साडूबेड़ा निवासी ईश्वर महतो के 20 वर्षीय पुत्र दीपक महतो के रूप में हुई. जबकि घायल मुंगो निवासी रूपलाल महतो के 25 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार है.
पुलिस अस्पताल पहुंची
घटना की जानकारी पाकर बेरमो और नावाडीह थाना पुलिस अस्पताल पहुंचकर स्वजनों से घटना की जानकारी लिया. साथ ही मृतक दीपक महतो के शव को केंद्रीय अस्पताल ढोरी के मर्चरी में रखवा दिया. जिसके बाद पुलिस सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दी. जबकि दूसरे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
दोस्त को बुलाकर निकले थे दोनों
मिली जानकारी के अनुसार दीपक महतो रांची से फुसरो आया हुआ था. दीपक ने अपने दोस्त विशाल महतो को फोन कर फुसरो बुलाया था. विशाल महतो अपने दोस्त दीपक को मोटरसाइकिल पर लेकर फुसरो से नावाडीह की ओर जा रहा था. तभी दोनों युवक सड़क किनारे मोटरसाइकिल सहित खाई में जा गिरा. जवान बेटे के मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
इसे भी पढ़ें: बदहाल जिंदगी जी रहे शहीद बख्तर साय के वंशज, गढ़पहाड़ को टूरिस्ट प्लेस विकसित करने की मांग
