रांची:पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नेता यशवंत सिन्हा को आज हजारीबाग कोर्ट से जमानत मिल गई है. उन्हें 7000 रुपयेकेमुचलके पर जमानत दी गई है. यशवंत सिन्हा के साथ अन्य 51 बिजली आंदोलनकारियों को भी जमानत मिल गई है. यशवंत सिन्हा को जमानत मिलने से बीजेपी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है.खबर है कि वे शाम तक जेल से बाहर आ सकते हैं.
गौरतलब है कि कल ही पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने जेल में उनसे जाकर मुलाकात की थी. उनसे मिलने के बाद आडवाणी ने कहा, ‘‘झारखंड का अलग राज्य के रुप में गठन के बाद उचित विकास नहीं हुआ और यहां इसी तरह के आंदोलन की आवश्यकता है. आगामी विधानसभा चुनावों के बाद यशवंत सिन्हा झारखंड का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह योग्य हैं और वह ही मुख्यमंत्री बनने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त हैं.’’इससे पहले भी जेल में उनसे पार्टी के कई नेता मिल चुके हैं.
