रांची : सदर थाना क्षेत्र के कोकर बैंक कॉलोनी रोड नंबर सात निवासी व्यवसायी धर्मेंद्र कुमार दत्ता से अपराधियों ने रिम्स तालाब के पास एक लाख रुपये छीन लिया. घटना सोमवार की सुबह करीब 10.25 बजे की है. घटना के दौरान धर्मेंद्र बाइक से बैंक रुपये जमा करने जा रहे थे. घटना को लेकर उन्होंने काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
प्राथमिकी के अनुसार रुपये उनके हैंड बैग में थे. वह जैसे ही रिम्स तालाब के समीप पहुंचे, बाइक सवार दो अपराधी उनकी गाड़ी के आगे आ गये और धक्का मार कर गिरा दिया. इसके बाद बैग छीन कर भाग निकले. धर्मेंद्र ने बताया कि घटना के बाद दोनों अपराधी रिम्स की ओर भागे. घटना की जानकारी देने से पहले वे बरियातू थाना पहुंचे.
पुलिस उनके साथ घटना स्थल पर पहुंची.जांच पड़ताल के बाद बरियातू पुलिस ने बताया कि घटना स्थल सदर थाना क्षेत्र का है. इसके बाद सदर थाना की पुलिस जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. पुलिस केस दर्ज कर अपराधियों की खोजबीन कर रही है.
