दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके के एक होटल में 28 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
कमरे में अचेत अवस्था में पड़े थे दोनों
घटना की जानकारी तब लगी जब गुरुवार सुबह होटल कर्मचारियों ने दोनों को कमरे के अंदर अचेत अवस्था में पाया. सूचना मिलने के बाद लाहौरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला के शरीर पर चाकू से वार के कई निशान मिले. इसके बाद दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. जबकि आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ये भी पढे़ं: बेंगलुरु: महिला पर अपनी 3 माह की जुड़वां बेटियों को पानी में डुबोकर हत्या का आरोप, फिर खुदकुशी की कोशिश, केस दर्ज
हमले के बाद आरोपी ने भी खा लिया जहर
पुलिस के अनुसार, राजस्थान का रहने वाला आरोपी और बिहार की रहने वाली महिला बुधवार शाम लाहौरी गेट स्थित होटल प्रिंस में कमरा लेकर ठहरे थे. रात के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर चाकू से कई वार किए. इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. वहीं, पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर जहर खा लिया और कमरे में अचेत होकर गिर गया.
उत्तर जिला DCP निहारिका भट्ट ने कहा, "शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी. पुरुष प्रकाश सिंह कल ही राजस्थान से दिल्ली आया था और दोनों ने होटल में कमरा बुक किया था. बताया जा रहा है कि होटल में पारिवारिक मामलों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई."
ये भी पढ़ें: हरियाणा: हथिनीकुंड बैराज में ट्रेनिंग के लिए चिनूक हेलीकॉप्टर से कूदे 5 कमांडो, 2 जवान 21 घंटे से लापता
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद खुदकुशी की कोशिश का लग रहा है. फिलहाल महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब हत्या की वजह, दोनों के रिश्ते और घटना से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी.
