पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइंस थाने में ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज की गई. इसके बाद मामले को आगे की जांच के लिए धमतरी सिटी कोतवाली थाने भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि इसी मामले से जुड़ी एक प्राथमिकी पहले से ही धमतरी में दर्ज है, इसलिए जांच वहीं से आगे बढ़ाई जाएगी.
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और ‘एक्स’ खाते ‘जेन जी ऑफ इंडिया’ का नाम शामिल है.
शिकायत में क्या कहा गया?
शिकायत के मुताबिक, 22 मार्च 2026 को धमतरी के कुरुद में हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए. आरोप है कि इन्हें 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह का बताकर पेश किया गया. शिकायतकर्ता के अनुसार, पोस्ट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि भाजपा नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की जगह पार्टी का झंडा फहराया. इसी को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है.
चंद्राकर ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए इस आरोप को खारिज किया था. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को धमतरी जिला मुख्यालय के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी थी. चंद्राकर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे समय में, जब पूरा देश तिरंगे के सम्मान में एकजुट है, पुराने वीडियो को उसके मूल संदर्भ से हटाकर पेश कर भ्रम फैलाया जा रहा है.
किन धाराओं में दर्ज किया गया केस
शिकायतकर्ता ने पुलिस से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट, वीडियो, तस्वीरों, मैसेज और कमेंट समेत सभी डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की मांग की है. साथ ही, इन पोस्ट का असली सोर्स, उन्हें कब और कहां से अपलोड किया गया और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी की जांच करने को कहा है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
श्रीनेत ने वीडियो शेयर करते हुए क्या लिखा
श्रीनेत ने 15 अगस्त की रात ‘एक्स’ पर पोस्ट में एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें चंद्राकर और अन्य लोग कुरुद में भाजपा का झंडा फहराते दिखाई दे रहे थे. उन्होंने दावा किया था कि यह घटना स्वतंत्रता दिवस के दौरान की है. उन्होंने लिखा था, “यह वीडियो छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का है. स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा सदस्य तिरंगे के बजाय भाजपा का झंडा फहरा रहे हैं. 53 साल तक उनके पूर्वजों ने तिरंगे का बहिष्कार किया और आज भी वे राष्ट्रीय ध्वज का अनादर करने से बाज नहीं आते.”
