NH-43 : जशपुर और आसपास के लोगों के लिए आने वाले दिनों में सड़क का यह प्रोजेक्ट काफी काम का हो सकता है. 627 किलोमीटर लंबे रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का 384 किलोमीटर हिस्सा छत्तीसगढ़ में होगा. इसके बनने से जशपुर की दूसरे इलाकों और राज्यों से सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी. लोगों के आने-जाने के साथ सामान की ढुलाई भी आसान होगी. इससे स्थानीय कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.
पीआईबी रायपुर की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रखी गई इस सड़क परियोजना का काम अब जमीन पर शुरू हो गया है. एनएचएआई ने पत्थलगांव-कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा तक NH-43 पर ₹3,147 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण शुरू किया है. सड़क बनने के बाद लोगों का सफर आसान होगा. साथ ही व्यापार और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है.
कॉरिडोर का सबसे बड़ा हिस्सा होगा छत्तीसगढ़ में
रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर की कुल लंबाई 627 किलोमीटर है, जिसमें करीब 384 किलोमीटर हिस्सा छत्तीसगढ़ में आता है. इसी कॉरिडोर में पत्थलगांव से झारखंड सीमा तक 104.250 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है. सड़क का काम पूरा होने के बाद दोनों राज्यों के बीच सफर और सामान की आवाजाही आसान होगी. इससे जशपुर और आसपास के इलाकों में व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: New Rail Line : अब जशपुर से सीधे झारखंड तक रेल कनेक्शन, कुनकुरी-पत्थलगांव और गुमला भी जुड़ेंगे
लोगों के लिए सफर होगा सुरक्षित और आसान
इस सड़क को सुरक्षित और लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है. पूरे रास्ते में 382 छोटे-बड़े ढांचे बनाए जाएंगे. इनमें 7 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 6 फ्लाईओवर और एक एलिवेटेड वायडक्ट शामिल हैं. इसके अलावा वाहनों, पैदल चलने वालों और मवेशियों के लिए अलग अंडरपास बनाए जाएंगे. 278 बॉक्स पुलिया भी तैयार की जाएंगी, ताकि बारिश के पानी की निकासी और सड़क का सफर बिना रुकावट जारी रहे.
उद्योगों और कोयला कारोबार को फायदा होने की उम्मीद
कोरबा परियोजना इकाई के परियोजना निदेशक डीडी पार्लावर ने बताया कि यह सड़क रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का अहम हिस्सा है. इसके तैयार होने से छत्तीसगढ़ से झारखंड तक लोगों और सामान की आवाजाही आसान होगी. रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे औद्योगिक शहर धनबाद से बेहतर तरीके से जुड़ेंगे. इससे कोयला खदानों के साथ रांची और जमशेदपुर के उद्योगों तक सामान पहुंचाना भी आसान हो सकेगा.
जशपुर के लिए लाइफलाइन होगा नया कॉरिडोर
जशपुर में बनने वाला यह सड़क मार्ग आने वाले समय में इलाके की तस्वीर बदल सकता है. रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर से पत्थलगांव, कांसाबेल, कुनकुरी, दुलदुला और जशपुर जैसे इलाके बेहतर सड़क नेटवर्क से जुड़ेंगे. इससे लोगों को आने-जाने में कम समय लगेगा और परिवहन खर्च भी घट सकता है. सड़क के साथ व्यापार, माल ढुलाई और रोजगार से जुड़े काम बढ़ने की भी उम्मीद है.
पीआईबी का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
