Grand Finale of ‘Bhojpuri Bawaal : राजधानी पटना के ज्ञान भवन में सोमवार को ‘भोजपुरी बवाल’ के भव्य आयोजन में राजनीति और भोजपुरी मनोरंजन जगत का दिलचस्प संगम देखने को मिला. एक ही मंच पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव नजर आये. लालू प्रसाद अपने बेटे तेज प्रताप यादव के साथ कार्यक्रम में पहुंचे. वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
लालू यादव बोले- ‘बहुत प्रसन्नता हो रही है’
कार्यक्रम स्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए लालू प्रसाद यादव ने ‘भोजपुरी बवाल’ की सराहना की. उन्होंने कहा, “भोजपुरी बवाल देखकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है. जितने भी लोग हैं, सब बधाई के पात्र हैं.” लालू प्रसाद की मौजूदगी से कार्यक्रम में खास उत्साह देखने को मिला. उनके साथ उनके बेटे तेज प्रताप यादव भी मौजूद रहे, जो ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं.
खास बात यह है कि शो अभी मिड सीजन में है, लेकिन फिनाले की शूटिंग को लेकर पटना में सितारों का जमावड़ा लगा है.
तेज प्रताप यादव समेत ये सितारे पहुंचे पटना
ग्रैंड इवेंट की शूटिंग में हिस्सा लेने के लिए शो से जुड़े पांच प्रमुख स्टार्स पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव पटना पहुंचे हैं. इनके अलावा टेलीविजन और भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े कई अन्य कलाकार भी फिनाले की शूटिंग में शामिल होंगे.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी कार्यक्रम में हुए शामिल
ज्ञान भवन में होने वाले ग्रैंड इवेंट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. मुख्यमंत्री की मौजूदगी से कार्यक्रम को लेकर उत्साह और बढ़ गया है.
पांचों स्टार्स बने फाइनलिस्ट
‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड इवेंट में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव फाइनलिस्ट के तौर पर नजर आएंगे. शो के फिनाले को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गयी हैं.
6 सितंबर को होगा प्रसारण
ग्रैंड फिनाले की शूटिंग 24 अगस्त को पटना में हो रही है, जबकि इसका टेलीविजन प्रसारण 6 सितंबर को किया जाएगा. शो के प्रशंसकों को अब फिनाले के प्रसारण का इंतजार है.
