हाजीपुर (महनार) से के. एन. सिंह
Hajipur News: भीषण गर्मी के मौसम में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए महनार अग्निशमन विभाग ने विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया. महनार अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी संतोष यादव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न निजी अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.
आग लगने के कारणों और बचाव के उपायों की दी जानकारी
अभियान के दौरान आम लोगों को आग लगने के सामान्य कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि समय रहते सतर्कता बरतने से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है.
अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का किया प्रदर्शन
टीम ने लोगों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी भी दी, ताकि शुरुआती स्तर पर आग लगने की स्थिति में उस पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सके. अभियान में विशेष रूप से अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया.
सतर्कता से टल सकती हैं बड़ी घटनाएं
अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और समय पर उठाया गया कदम बड़े हादसों को रोक सकता है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अग्नि सुरक्षा के प्रति हमेशा सजग रहें और किसी भी आगजनी की घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दें.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के किसानों के लिए खुशखबरी: 75% अनुदान पर मिलेगा नारियल का पौधा, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
