लालगंज सदर : श्रावण मास के चौथी रविवार को वातावरण बम भोले के नारों से गूंज उठा. सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने को हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए कांवरिये बसंता जहानाबाद के नीरा नारायणी घाट पहुंचे. वहां से कलश में जल भर कर मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ धाम और वैशाली प्रखंड के कमल छपरा गांव के पंचमुखी महादेव धाम के लिए रवाना हुए. देर रात तक कांवरियों के जल भरने का सिलसिला जारी रहा.
शाम होते ही हर ओर कांवरियों का हुजूम दिखने लगा था. कांवरियों के बोल बम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया. शिवभक्त जल भरने के लिए टोली बनाकर गंगा घाटों के लिए रवाना हुए. शाम होते-होते घाट पर शिवभक्तों का रेला उमड़ पड़ा. हालांकि अपेक्षा से भीड़ कुछ कम दिखी. कांवरियों ने कलश में जल भरा और पूजन-अर्चन किया. फिर शुरू हुई गरीबनाथ धाम एवं पंचमुखी महादेव धाम की यात्रा. पूरे रास्ते हर-हर महादेव का नारा लगाते हुए कांवरिये बाबा धाम की ओर बढ़े जा रहे थे.
