आक्रोश. जाम हटाने गयी पुलिस पर पथराव
उपद्रवियों को शांत करने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज
महनार (वैशाली) : महनार प्रखंड के मोख्तारपुर गांव में आठ वर्षीया बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को महनार-मोहिउद्दीन नगर मुख्य मार्ग को लावापुर चौक के पास जाम कर दिया.
इस दौरान वहां पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया. सैकड़ों स्त्री-पुरुषों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों खदेड़ दिया. इसमें एएसपी उपेंद्र शर्मा, सहदेई इंस्पेक्टर सहित 12 पुलिसकर्मी घायल हो गये. उपद्रवियों को शांत करने के लिए पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोगों को चोटें आयी हैं. गुरुवार की रात मोख्तारपुर गांव में एक आठ वर्षीया बच्ची के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया. घटना के बाद बच्ची को लेकर उसके परिजन महनार अस्पताल पहुंचे. इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने रात अस्पताल में काफी हंगामा किया था. ग्रामीणों का आरोप है कि जब घटना की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पीड़ित परिवार महनार थाने पर रात में ही पहुंचा, तो पुलिस अधिकारियों ने डांट-फटकार कर भगा दिया.
इसके साथ ही लोगों का कहना था कि आरोपित युवक को गांव में रोका गया था, लेकिन पुलिस को बार-बार कहने के बाद भी वह नहीं पहुंची और आरोपित घर छोड़ कर फरार हो गया. शुक्रवार की सुबह तक पुलिस की कोई कार्रवाई नहीं होने से गुस्साये लोगों ने महनार-मोहिउद्दीन नगर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. बाद में जिला मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में दो बस पुलिस के जवान एवं सहदेर्इ, देसरी, चांदपुरा, बिदुपुर आदि थानों के पुलिस बल के पहुंचने पर जाम को समाप्त कराया जा सका.
