स्वच्छता, समय-पालन, कैटरिंग, टिकट चेकिंग पर चलेगा विशेष अभियान
हाजीपुर : रेलमंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु के निर्देशानुसार भारतीय रेलवे 26 मई से 01 जून तक रेल हमसफर सप्ताह मनायेगी. इस कड़ी में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय एवं पांचों मंडलों में भी 26 मई से 01 जून तक रेल हमसफर सप्ताह का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान स्वच्छता, समय-पालन, कैटरिंग, टिकट
चेकिंग आदि के क्षेत्र में विशेष अभियान
चलाया जायेगा.
इसके साथ ही मुख्यालय एवं मंडलों के अधिकारी यात्री एवं माल ग्राहकों तथा मीडिया से रू-ब-रू होंगे. रेल हमसफर सप्ताह के दौरान 26 मई को स्वच्छता दिवस, 27 मई को सत्कार दिवस, 28 मई को सेवा दिवस, 29 मई को सतर्कता दिवस, 30 मई को सामंजस्य दिवस, 31 मई को संयोजन दिवस एवं 01 जून को संचार दिवस के रूप में मनाया जायेगा. 26 मई को स्वच्छता दिवस के अवसर पर ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों, स्टेशन परिसर में गहन स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा.
27 मई को सत्कार दिवस के अवसर पर ट्रेनों एवं स्टेशनों पर खान-पान एवं पेयजल सुविधा का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जायेगा. 28 मई को सेवा दिवस के अवसर पर सभी ट्रेनों में नामित अधिकारी यात्रियों से रू-ब-रू होंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि ट्रेनों जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों. इसके साथ ही यात्रियों की शिकायतों का निराकरण करने का प्रयास करेंगे. 29 मई को सतर्कता दिवस के अवसर पर सभी मेल/एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों का शत-प्रतिशत समय-पालन सुनिश्चित किया जायेगा.
इसके साथ ही सभी मेल/एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों में गहन टिकट अभियान चलाया जायेगा. 30 मई को सामंजस्य दिवस के अवसर पर रेलवे कॉलोनियों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जायेगा एवं कॉलोनियों एवं रेलवे के अन्य परिसरों में पौधारोपण किया जायेगा.
31 मई को संयोजन दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख माल ढुलाई से जुड़े ग्राहकों के साथ मीटिंग कर उन्हें रेलवे के विभिन्न नीतिगत सुधारों से अवगत कराया जायेगा एवं माल ढुलाई में और सुधार के लिए उनसे सुझाव मांगे जायेंगे. 01 जून को संचार दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक तथा रेल हमसफर सप्ताह के दौरान किये गये कार्यों की समीक्षा करेंगे एवं प्रेस काॅन्फ्रेंस तथा इंटरव्यू के माध्यम से मीडिया को सप्ताह के दौरान किये गये कार्यों से अवगत करायेंगे.
