पटेढ़ी बेलसर : पंचायत चुनाव के छठे चरण के लिए प्रखंड में नामांकन प्रक्रिया कल से शुरू हो जायेगी. इसके लिए 26 मार्च को ही अधिसूचना जारी हो चुकी है. हालांकि 27 मार्च से ही नामांकन होना था, परंतु रविवार को सरकारी अवकाश होने के कारण 28 मार्च से शुरू होगा. छठे चरण के लिए […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
पटेढ़ी बेलसर : पंचायत चुनाव के छठे चरण के लिए प्रखंड में नामांकन प्रक्रिया कल से शुरू हो जायेगी. इसके लिए 26 मार्च को ही अधिसूचना जारी हो चुकी है. हालांकि 27 मार्च से ही नामांकन होना था, परंतु रविवार को सरकारी अवकाश होने के कारण 28 मार्च से शुरू होगा. छठे चरण के लिए उम्मीदवार दो अप्रैल तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे. मतदान 14 मई को होगा. नाम वापसी लेने के लिए उनके पास सात अप्रैल तक समय रहेगा.
आठ अप्रैल को ही राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया जायेगा. प्रखंड में कुल नौ पंचायतें हैं. इनमें 9 मुखिया, 9 सरपंच, 12 पंसस तथा 122-122 वार्ड एवं पंच सदस्य का चुनाव होना है.
उम्मीदवार इनका भी रखें ख्याल
आरक्षित कोटि के उम्मीदवारों के लिए मूल जाति प्रमाण पत्र नामांकन के साथ दाखिल करना होगा, एक से अधिक सेट में नामांकन दखिल करने पर दूसरे सेट में उम्मीदवार जाति प्रमाणपत्र की छाया प्रति का इस्तेमाल कर सकते है.
मुखिया, सरपंच, पंसस की समन्वय कोटि के उम्मीदवार को नामांकन शुल्क एक हजार रुपये तथा आरक्षित कोटि एवं महिला के लिए 500 रुपये जमा करने होंगे.
वार्ड सदस्य तथा पंच सदस्य की सामान्य कोटि के लिए 250 रुपये तथा आरक्षित के लिए नामांकन शुल्क 125 रुपये नामांकन शुल्क जमा करने होंगे.
महुआ पंचायत चुनाव में 33 प्रत्याशियों ने नामांकन लिया वापस : महुआ नगर. महुआ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन वापसी के अंतिम दिन विभिन्न पदों के कुल 33 अभ्यर्थियों ने नामांकन वापस लिये. निर्वाची पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि मुखिया पद के 9, सरपंच पद के 2, पंसस के 6, वार्ड सदस्य के 10 तथा पंच पद के 6 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन वापस लिया. वहीं, महुआ में समीक्षा के बाद रद्द किये गये नामांकन के बारे में पूछे जाने पर निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि अभी रिपोर्ट आनी बाकी है.
चुनाव चिह्न आवंटन में विलंब से रोष : महुआ नगर. महुआ में पंचायत चुनाव के लिए चुनाव चिह्न आवंटन करने की निर्धारित तिथि 26 मार्च को आवंटित नहीं किये जाने से अभ्यर्थियों में रोष व्याप्त है. विभिन्न पदों के अभ्यर्थियों ने बताया कि शनिवार को चुनाव चिह्न दिया जाना था, लेकिन प्रखंड कार्यालय पर आने के बाद पता चला कि अब 30 मार्च तक आवंटित किया जायेगा. चुनाव चिह्न मिलने में हो रही देर से मतदाताओं को अपना चिह्न बताने को उत्सुक प्रत्याशियों में काफी मायूसी देखी गयी है.
चुनाव को लेकर हुआ 18 शस्त्रों का सत्यापन : राजापाकर. आगामी 2 मई को होनेवाले पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिला पदाधिकारी, वैशाली के आदेशानुसार प्रखंड क्षेत्र के लाइसेंसी शस्त्रधारकों के शस्त्रों का सत्यापन हुआ. दंडाधिकारी सह सीओ प्रकाश गौरव और थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने 18 शस्त्रधारकों के शस्त्रों का सत्यापन किया. थानाध्यक्ष श्री कुमार ने सभी लाइसेंसी शस्त्रधारकों से सत्यापन कराने की बात कही है. साथ ही कहा कि जो शस्त्रधारी अपने शस्त्रों को सत्यापन कराने में लापरवाही बरतेंगे, उन पर कार्रवाई की जायेगी.
राजापाकर में अगले सप्ताह बंटेगा चुनाव चिह्न : राजापाकर. प्रखंड मुख्यालय राजापाकर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सभी पदों के सिंबल की अाधिकारिक घोषणा कर दी गयी है. सभी पदों से लड़ रहे उम्मीदवारों के चुनाव चिह्न की प्रति दीवार पर साट भी दी गयी है. अपना-अपना चुनाव चिह्न देखने के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रत्याशियों की काफी हुजूम लगा हुअा था. कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अगले सप्ताह प्रत्याशियों को सिंबल, क्रमांक एवं नाम के साथ छायाप्रति बांटी जायेगी.