घटनाओं में 25 लाख की संपत्ति की हुई क्षति
जिले में अगलगी की कई घटनाओं में तीन दर्जन से अधिक घर जल जाने व 25 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ. नैनहा मिल्की दलित बस्ती में पुलिस व फायर ब्रिगेड ने फैलती आग पर काबू पाया. इस अगलगी से कई परिवारों के लोग बेसहारा हो गये.
हाजीपुर : सदर थाना क्षेत्र के नैनहा मिल्की दलित बस्ती में आग लगने के कारण एक दर्जन से अधिक घर जल गये. आग से दलितों के घरों के साथ उनके कपड़े, अनाज, बर्तन और अन्य सारे सामान जल कर राख हो गये.
आग लगने की सूचना पर सदर थाने की पुलिस के साथ अग्निशामक दस्ते के जवानों ने घटनास्थल पर पहुंच कर फैलते आग पर काबू पाया. बताया गया है कि आग लगने से कई बच्चे और मवेशी उसमें घिर गये थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका. पातेपुर संवाददाता के अनुसार : प्रखंड क्षेत्र के पातेपुर और तिसिऔता थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हुई आग लगने की घटनाओं में एक दर्जन से अधिक घर जल कर राख हो गये. इन घटनाओं में 10 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
सूत्रों के अनुसार, पातेपुर थाना क्षेत्र के अजीजपुर चांदे गांव में हुए अग्निकांड में रामपृत सहनी, शिव नारायण सहनी, शिव शंकर सहनी, राजू सहनी, कुंदन सहनी, रामबाबू सहनी समेत सात लोगों के घर जल गये. वहीं, टेकनारी गांव में मो जफर और नीरपुर गांव में पुनीत मांझी समेत दो लोगों के घर जल कर राख हो गये. इसी दिन तिसिऔता पुरानी हाट के समीप रामबाबू साह एवं महेश साह की कोल्ड ड्रिंक्स और किताब की दुकान बिजली के शॉट सर्किट से जल कर राख हो गया. आग लगने की इन घटनाओं में 10 लाख से अधिक के संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है. अगलगी की सूचना पर बीडीओ डॉ बीएन सिंह ने राजस्व कर्मचारी और पंचायत सचिवों को घटनास्थल पर भेज कर पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता राशि और एक-एक क्विंटल अनाज मुहैया कराया है.
वैशाली संवाददाता के अनुसार : थाना क्षेत्र के दाउदनगर पंचायत स्थित भांट टोला गांव में बुधवार की शाम आग लगने से आधा दर्जन घर जल गये. बताया गया है कि ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया.
घटना में मो युनूस, मो नौशाद, मो शमशाद, मो शरीफ, मो शब्बीर और मो अमीन के घर तथा घर के कपड़ा, बर्तन, अनाज समेत सारा सामान जल गया. वैशाली सीओ ने बताया कि अग्निपीड़ित सभी परिवारों को सरकारी सहायता राशि और पॉलीथिन सहित अन्य राहत सामग्री उपलब्ध करा दी गयी है.
