सुखद. पटना जंक्शन से हाजीपुर को सीधे जोड़ने का पीएम कर सकते हैं शुभारंभ

पीएम से लोगों को कई अपेक्षाएं प्रधानमंत्री की 12 मार्च की सभा से हाजीपुर के लोगों की कई अपेक्षाएं हैं. अाधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री की सभा के उद्देश्य भले ही नहीं बतायी गयी हो, लेकिन दीघा-पहलेजा रेल पुल होकर चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाने, पुल को राष्ट्र को समर्पित करने, हाजीपुर को पटना […]

पीएम से लोगों को कई अपेक्षाएं

प्रधानमंत्री की 12 मार्च की सभा से हाजीपुर के लोगों की कई अपेक्षाएं हैं. अाधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री की सभा के उद्देश्य भले ही नहीं बतायी गयी हो, लेकिन दीघा-पहलेजा रेल पुल होकर चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाने, पुल को राष्ट्र को समर्पित करने, हाजीपुर को पटना जंक्शन से जोड़ने की घोषणा सहित अन्य परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन होने की संभावना जतायी जा रही है. पाटलिपुत्र जंक्शन तक जानेवाली ट्रेनों का मार्ग विस्तार पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर टर्मिनल तक करने से लोगों को काफी सहूलियत होगी.
हाजीपुर : यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा, तो पीएम की सभा के बाद उत्तर बिहार के लोगों को पटना जंक्शन जाने के लिए हाजीपुर से ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होगी. अब तक लोगों को पटना जंक्शन जाने के लिए पाटलिपुत्र स्टेशन से उतर कर वहां से ऑटो से जाना पड़ रहा है. रेल प्रशासन हाजीपुर की ओर से जानेवाली गाड़ियों को पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर तक मार्ग विस्तार करने की योजना पर काम कर रहा है और पीएम की सभा से इसकी घोषणा किये जाने की संभावना जतायी जा रही है.
हाजीपुर से रेल सेवा प्रारंभ होते ही लोग ट्रेन पकड़ कर सीधे पटलिपुत्र पहुंच रहे हैं वह भी पूर्व की तुलना में कम किराया और कम समय में. इस रेल पुल के चालू होने से उत्तर बिहार के लगभग दो दर्जन जिलों के नागरिकों को लाभ मिला है और वह कम समय और कम किराया खर्च कर राजधानी पटना पहुंच रहे हैं.
मुजफ्फरपुर और बरौनी की ओर से आनेवाले दैनिक यात्रियों को होगा लाभ : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर और हाजीपुर-बरौनी रेलखंडों के दैनिक यात्रियों को क्रमश: 03 और 02 जोड़ी नयी रेल मिल गयी. इस मार्ग पर गाड़ियों के परिचालन प्रारंभ होने के बाद ट्रेनों के लेट लतीफी में कमी आयी है. इस मार्ग पर ट्रेनों के परिचालन के प्रथम दिन से ही काफी भीड़ रहती है, जो इसकी उपयोगिता को प्रमाणित करती है.
दीघा पुल से चल रही हैं ये ट्रेनें :
सोनपुर-पाटलिपुत्र डीएमयू पैसेंजर
बरौनी-पाटलिपुत्र डीएमयू पैसेंजर
मुजफ्फरपुर- पाटलिपुत्र मेमू पैसेंजर
मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र पैसेंजर
बरौनी-पाटलिपुत्र मेमू ट्रेन
नरकटियागंज-पाटलिपुत्र मेमू ट्रेन
पाटलिपुत्र-गोरखपुर पैसेंजर
पांच जोड़ी ट्रेनों का होगा मार्ग परिवर्तन : पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने कहा है कि बहुत जल्द ही बरौनी-पटना रूट के बजाय यह ट्रेनें अब बरौनी-शाहपुर पटोरी- सोनपुर-पाटलिपुत्र रूट से होकर चलेंगी. इसके संचालन की तिथि अभी घोषित नहीं की गयी है.
ट्रेन नंबर 12423 अप और 12424 डाउन डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 12505 अप और 12506 डाउन नॉर्थ इस्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 12501 अप और 12502 डाउन पूर्वात्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 12487 अप और 12488 डाउन सीमांचल एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 12519 अप व 12520 डाउन कामख्या-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस
क्या कहते हैं आंकड़ें :
हाजीपुर से पटना के लिए चलनेवाले ऑटो की संख्या- 570
हाजीपुर से पटना के लिए चलनेवाली बसों की संख्या-65
हाजीपुर से पटना जानेवाली बाइकों की संख्या-2800
दूसरे जिलों से पटना जानेवाली बसों की संख्या-2000
प्रतिदिन गांधी सेतु होकर गुजरनेवाले अन्य यात्री वाहनों की संख्या- 5000
प्रतिदिन गांधी सेतु होकर गुजरनेवाले अन्य यात्रियों की संख्या- दो लाख
रेलमार्ग के चालू होने से उत्तर बिहार के एक दर्जन जिलाें के लोगों को मिला लाभ
पहलेजा-दीघा रेलपुल के निर्माण में लगभग दो दशक का समय लगा. पूर्व में यह केवल रेलपुल के रूप में बन रहा था, लेकिन बाद में इसे सड़क पुल बनाने की भी योजना बनी और इस कारण एवं भू-अर्जन की कुछ परेशानियों के कारण इसके निर्माण में विलंब हुआ लेकिन अब रेल पुल पर मालगाड़ी चलाने के साथ ही रेल पुल चालू हो गया है. बहुत जल्द अब हाजीपुर से जानेवाली ट्रेनें पटना जंक्शन तक जायेगी.
सड़क पुल तैयार होने और यातायात चालू होने के लिए नागरिकों को अभी कुछ और प्रतीक्षा करनी होगी. इसके पूर्व 15 जनवरी को इस पुल से होकर रेलमार्ग पर मालगाड़ी का परिचालन प्रारंभ किया गया था और मालगाड़ी के परिचालन के बाद संतुष्ट होकर रेल प्रशासन इस मार्ग पर 03 फरवरी से पैसेंजर ट्रेन चला रहा है. इसके बाद इस मार्ग से एक्सप्रेस ट्रेनें चलायी जायेंगी. इस रेलमार्ग के चालू होने से उत्तर बिहार के एक दर्जन जिलाें के नागरिकों को लाभ मिला है.
किसे और क्या हुआ लाभ
उत्तर बिहार के वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर आदि जिले के नागरिकों को रेल सेवा से विशेष लाभ हुआ है. हाजीपुर जंक्शन से पटना रेलवे स्टेशन की सड़क मार्ग से दूरी 16 किलोमीटर के लिए अभी लोगों को टेंपो का किराया 30 रुपये देने पड़ते हैं. रेल से पाटलिपुत्र जंक्शन से हाजीपुर जंक्शन की 21 किलोमीटर की दूरी के लिए किराया 15 रुपये हैं.
महात्मा गांधी सेतु मार्ग पर लगनेवाले जाम के कारण 16 किलोमीटर की यह दूरी तय करने में लोगों को अभी दो घंटे से भी ज्यादा समय लग जाता है जबकि ट्रेन से यह दूरी केवल 30 से 40 मिनट में तय की जा रही है. अब राजधानी पटना जाना इन जिलों के नागरिकों के लिए अब पहले से सस्ता, सुगम और किफायती हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >