दो वर्षों में भी नहीं बन सकी सड़क

एक साल में संपन्न होनेवाला निर्माण कार्य दो साल में भी है अधूरा बनायी गयी पुलिया में आयी दरार सड़क पर बिछाये गये पत्थरों से लोग हो रहे घायल प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत बन रही सड़क दो साल में भी नहीं बन सकी और इस सड़क पर चलने वाले लोग बिछाये गये पत्थरों […]

एक साल में संपन्न होनेवाला निर्माण कार्य दो साल में भी है अधूरा

बनायी गयी पुलिया में आयी दरार
सड़क पर बिछाये गये पत्थरों से लोग हो रहे घायल
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत बन रही सड़क दो साल में भी नहीं बन सकी और इस सड़क पर चलने वाले लोग बिछाये गये पत्थरों से घायल हो रहे हैं. विभाग और संवेदक मौन हैं, जबकि संविदा के अनुसार एक वर्ष पूर्व ही निर्माण कार्य समाप्त हो जाना चाहिए था.
पातेपुर : प्रखंड के डुमरा मुख्य सड़क मार्ग से गांव की ओर जाने वाली निर्माणाधीन प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभागीय उदासीनता एवं संवेदक की लापरवाही के कारण अधर में है. पातेपुर से महुआ की ओर जानेवाली इस सड़क का निर्माण 31 जनवरी, 2014 को स्वीकृत राशि 68 लाख 86 हजार 825 रुपये से प्रारंभ हुआ था. सड़क का निर्माण कार्य 30 जनवरी ,2015 तक पूरा कर देना था. लेकिन विभागीय उदासीनता एवं संवेदक की लापरवाही के कारण तीन वर्षों में भी सड़क पूर्ण नहीं हो सकी.
अर्धनिर्मित सड़क के लिए बनायी गयी पुलिया में भी मोटी-मोटी दरारें आ गयी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक के द्वारा पुलिया के निर्माण में भी घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया, जिस कारण निर्माण के एक वर्ष में ही पुलिया क्षतिग्रस्त होने लगी है. इस पर किसी समय बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं. वहीं सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर बिछा कर छोड़ दिये जाने से पैदल चलनेवालों को भी परेशानी हो रही है. इतना ही नहीं सड़क पर चलने वाले पैदल, साइकिल और मोटर साइकिल सवार लोग रोज पत्थर उड़ कर लगने से चोटिल और घायल हो रहे हैं. संवेदक और विभाग के इस उदासीन रवैया से ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है. स्थानीय लोगों ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों को भी आवेदन देकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >