हाजीपुर : गंगा नदी पर एक और महासेतु के निर्माण का इंतजार अब खत्म हो गया है. 31 जनवरी को बिदुपुर और कच्ची दरगाह के बीच बननेवाले सिक्स लेन महासेतु का कार्यारंभ होगा. उपमुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को फोन पर बताया कि राघोपुर दियारे के लोगों की लंबे समय की मांग को पूरा करते हुए सरकार महासेतु का निर्माण कराने जा रही है.
31 जनवरी को 11 बजे दिन में राघोपुर के मोहनपुर रेफरल अस्पताल परिसर में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पुल का कार्यारंभ करेंगे. समारोह में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव के अलावा राज्य सरकार के कई मंत्री और महागंठबंधन के वरीय नेतागण शामिल होंगे.
मालूम हो कि गांधी सेतु पर महाजाम की समस्या से निजात दिलाने और राघोपुर दियारे के लोगों को सड़क संपर्क के माध्यम से राज्य के अन्य हिस्सों से जोड़ने के इस अति महात्वाकांक्षी इस पुल का निर्माण दक्षिण कोरिया की कंपनी देवू और इंडिया की कंपनी एल एंड टी संयुक्त रूप से करायेंगी.बिदुपुर-कच्ची दरगाह महासेतु से राघोपुर में भी दोतरफा सड़क उतारने की भी योजना है.
स्थानीय लोग उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के प्रयास से काफी कम समय में महासेतु निर्माण का कार्यारंभ कराये जाने को लेकर काफी खुश हैं. पुल के माध्यम से उत्तर बिहार के लोगों को लाभ होगा और कम समय में राजधानी पटना तक की दूरी तय की जा सकेगी.
