हाजीपुर : राज्य सरकार के कपड़ा व्यवसाय पर टैक्स वृद्धि के खिलाफ जिले भर के कपड़ा एवं रेडिमेड व्यवसायियों ने गुरुवार को अपनी-अपनी दुकानें बंद कर सरकार के फैसले का विरोध किया. बिहार टेक्सटाइल्स चैंबर ऑफ काॅमर्स के आह्वान पर 48 घंटे के बंद आंदोलन के चलते यहां करोड़ों रुपये के व्यवसाय पर असर पड़ा है. आंदोलन पर उतरे कपड़ा व्यवसायी दो हजार से अधिक की साड़ी एवं पांच सौ रुपये से अधिक की शूटिंग-सर्टिंग पर पांच प्रतिशत वैट लगाये जाने का विरोध कर रहे हैं.
इस दौरान व्यवसायियों ने हाजीपुर शहर में दुकान व प्रतिष्ठान बंद रख कर प्रदर्शन किया तथा बाइक जुलूस निकाल कर सरकार विरोधी नारे लगाये. आंदोलन का नेतृत्व कपड़ा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष राजेश्वर राज, सचिव मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष संदीप सरावगी के अलावा सत्यजीत कुमार सोनू, नवल प्रसाद गुप्ता, मोहित क्याल, राजू कुमार, सुधांशू रंजन आदि कर रहे थे. आंदोलनकारियों ने कहा है कि व्यवसायियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहेगी.
बिदुपुर संवाददाता के अनुसार कपड़ा व्यवसाय के लिए नये टैक्स लगाये जाने के विरोध में बिदुपुर की दर्जनों कपड़ा दुकानें बंद रहीं, जिससे कपड़ा खरीदारों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी. चकौसन बाजार के विनोद वस्त्रालय, मिलन वस्त्रालय, मधुर वस्त्रालय, बिदुपुर के बालाजी वस्त्रालय, गौरव वस्त्रालय, मुन्ना रेडिमेड, नेहा श्री रेडिमेड सहित चकसिकंदर, मायाराम हाट, चेचर माईल, नावानगर एवं सैदपुर गणेश की तमाम रेडिमेड एवं कपड़ा दुकानें राज्य सरकार द्वारा बढ़ाये गये टैक्स को लेकर बंद रहीं.व्यवसायियों ने प्रखंड की तमाम दुकानों को 48 घंटों के लिए बंद रखने का एलान किया है.
