ट्रक ने स्कूटी सवार शिक्षिका को कुचला, मौत

लालगंज/वैशाली : हाजीपुर-वैशाली मुख्य मार्ग पर लालगंज वीणा टॉकिज के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक से कुचल जाने के कारण स्कूटी सवार 26 वर्षीया हाइ स्कूल शिक्षिका लाडली की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वैशाली प्रखंड के हेमन सिंह उच्च विद्यालय चिंतामणिपुर में साइंस टीचर लाडली स्कूटी से हाजीपुर की ओर से अपने स्कूल […]

लालगंज/वैशाली : हाजीपुर-वैशाली मुख्य मार्ग पर लालगंज वीणा टॉकिज के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक से कुचल जाने के कारण स्कूटी सवार 26 वर्षीया हाइ स्कूल शिक्षिका लाडली की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
वैशाली प्रखंड के हेमन सिंह उच्च विद्यालय चिंतामणिपुर में साइंस टीचर लाडली स्कूटी से हाजीपुर की ओर से अपने स्कूल जा रही थी कि करीब 9.30 बजे सुबह पीछे से तेज रफ्तार आ रहे एक ट्रक ने उसे धक्का मार दिया. ट्रक की ठोकर से शिक्षिका अपनी स्कूटी से सड़क पर ही गिर गयी और ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गया. घटनास्थल पर ही शिक्षिका की मौत हो गयी. सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आयी तथा उसके स्कूल में शिक्षकों को टेलीफोन पर सूचना दी. स्कूल के शिक्षकों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया.
रोज पटना से स्कूल आती थी : पटना के गायघाट स्थित पत्थर की मसजिद मुहल्ला निवासी मो इलियास अंसारी की पुत्री लाडली प्रतिदिन स्कूटी से ही स्कूल आती-जाती थी. वह पटना से लालगंज के रेपुरा तक रोड की गाड़ी से आती थी और रेपुरा गांव में संजय सिंह के घर से अपनी स्कूटी लेकर स्कूल आती-जाती थी. रेपुरा में संजय सिंह के यहां स्कूटी लगा कर पटना रोड की गाड़ी से चली जाती थी. लेकिन बताया जाता है कि मंगलवार को वह पटना से ही स्कूटी से स्कूल आ रही थी और घटना की शिकार हो गयी. संजय सिंह एवं उसके परिजनों ने भी लाडली के स्वभाव की तारीफ करते हुए उसकी मौत पर शोक व्यक्त किया है.
फरवरी 2014 में दिया था योगदान : स्कूल के सहकर्मी शिक्षक कमलेश चौधरी ने बताया कि लाडली वर्ष 2014 की फरवरी में साइंस शिक्षिका के रूप में वैशाली प्रखंड के श्री हेमन सिंह उच्च विद्यालय चिंतामणिपुर में योगदान दिया था. तब से वह नियमित रूप से स्कूल आती थी. लाडली अब तक अविवाहित थी. परिजनों का कहना है कि उसकी शादी की बात चल रही थी.
स्कूल के शिक्षकों ने शोक मनाया : घटना की सूचना मिलते ही शिक्षकों ने स्कूली बच्चों को छुट्टी दे दी और शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में दो मिनट मौन रख कर मृत शिक्षिका को श्रद्धांजलि दी.
श्रद्धांजलि देने वालों में स्थानीय दशरथ सिंह, इंद्र देव सिंह, स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक जयनाथ सिंह, शिक्षक कमलेश चौधरी, कृष्ण मुरारी, अवधेश कुमार, मो एम लुकमान शामिल थे. दूसरी ओर बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव अमीर प्रसाद के अलावा श्याम किशोर ठाकुर, गिरीश दत्त, विनय मोहन, अखिलेश झा, सुमित कुमार, पुरुषोत्तम, आभाष सौरभ, प्रकाश सिंह, इमरान हसन अंसारी, मृत्युंजय कुमार आदि ने शोक व्यक्त किया है.
ट्रक हुआ जब्त और मामला दर्ज : लालगंज थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मृत शिक्षिका के भाई मो परवेज के बयान पर ट्रक यूपी-एस33/1637 के चालक पर मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाने में भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया गया है. पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है. चालक ट्रक छोड़ कर भाग निकलने में सफल हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >