हाजीपुर/भगवानपुर : वैशाली पुलिस ने यूपी से छपरा के रास्ते में लूटे गये सात सौ कार्टन बिस्कुट लदे 10 चक्के के ट्रक को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है. इस सिलसिले में एक गोदाम संचालक सहित तीन लोगों को पकड़ा गया है. एसपी राकेश कुमार ने बताया कि बरामद बिस्कुट की कीमत करीब सात […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
हाजीपुर/भगवानपुर : वैशाली पुलिस ने यूपी से छपरा के रास्ते में लूटे गये सात सौ कार्टन बिस्कुट लदे 10 चक्के के ट्रक को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है. इस सिलसिले में एक गोदाम संचालक सहित तीन लोगों को पकड़ा गया है. एसपी राकेश कुमार ने बताया कि बरामद बिस्कुट की कीमत करीब सात लाख रुपये बतायी जा रही है.
बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से छपरा के परसा बाजार के लिए बिस्कुट से लदे ट्रक को सीवान के भगवानपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों द्वारा लूट के बाद वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के असोई गांव से बिस्कुट सहित ट्रक को शुक्रवार की रात पुलिस ने बरामद कर लिया.
इस संबंध में गोरखपुर के बहरामपुर निवासी ट्रक मालिक उमेश चंद्र गुप्ता एवं बिस्कुट के मालिक सराजुद्दीन ने बताया कि पिछली 12 जनवरी को ट्रक संख्या यूपी 35 टी 6496 नंबर का 10 चक्के वाला ट्रक क्रेजी बिस्कुट के सात सौ 66 कार्टन लाद कर छपरा के परसा के लिए चला था. 13 जनवरी को करीब तीन बजे सुबह बोलेरो पर सवार अपराधियों ने सीवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में ओवरटेक कर गाड़ी को रोक लिया तथा चालक राकेश यादव एवं खलासी नंदलाल यादव को गाड़ी से उतार कर अपराधी ट्रक लेकर फरार हो गये.
चालक ने इसकी सूचना ट्रक मालिक को दी. मामले के संबंध में सीवान के भगवानपुर थाने में लूट की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. इधर, अपराधियों ने ट्रक को 13 जनवरी की शाम ही वैशाली जिले के भगवानपुर थाना अंतर्गत असोई चौक के समीप एक विद्यालय के पीछे रामजानकी मठ के प्रांगण में लाकर खड़ा कर दो दिनों तक वाॅच किया फिर 15 जनवरी को जब अपराधी माल को अनलोड करने के लिए ट्रक को स्टार्ट करने का प्रयास किया, किंतु गाड़ी स्टार्ट नहीं होने के कारण ट्रक पर माल असोई चौक के समीप असोई गांव निवासी विनोद चौधरी के गोदाम में छोटी गाड़ी से अनलोड कर रख दिया गया,
और ट्रक को मंदिर प्रांगण में ही छोड़ दिया गया. 15 जनवरी की रात अपराधी ट्रक के नंबर प्लेट को पोतकर बीआर 31 जी 9493 लिख दिया. सारे मामले की गुप्त सूचना थानाध्यक्ष भगवानपुर को मिली.
15 जनवरी की रात ही थानाध्यक्ष
द्वारा मामले की सूचना आरक्षी अधीक्षक वैशाली को देते हुए गोदाम पर छापेमारी करते हुए गोदाम मालिक विनोद चौधरी के पुत्र दिनेश चौधरी, असोई निवासी मुनी लाल सहनी एवं दोहजी निवासी विधान कुमार के भाई आलोक कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. जबकि विधान कुमार पुलिस को देख मौके से फरार हो गया.
सूचना पाकर रात में ही घटना स्थल पर आरक्षी अधीक्षक भी पहुंच कर मामले की जांच -पड़ताल की. भगवानपुर पुलिस ने शनिवार का गोदाम में रखे बिस्कुट के कार्टन एवं ट्रक को जब्त कर थाने पर ले लायी. समाचार प्रेषण तक मामले की प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही थी.