सड़क सुरक्षा को ले हुआ जागरूकता क्रिकेट मैच

हाजीपुर : सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन के अवसर पर नगर में जिला प्रशासन एवं चंदामामा हीरो के संयुक्त तत्वावधान में मोटर साइकिल जुलूस निकाला गया. इस अवसर पर फैंसी क्रिकेट मैच का भी आयोजन हुआ. जुलूस दिग्धी स्थित पुलिस लाइन से निकल कर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अक्षयवट राय स्टेडियम में […]

हाजीपुर : सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन के अवसर पर नगर में जिला प्रशासन एवं चंदामामा हीरो के संयुक्त तत्वावधान में मोटर साइकिल जुलूस निकाला गया. इस अवसर पर फैंसी क्रिकेट मैच का भी आयोजन हुआ. जुलूस दिग्धी स्थित पुलिस लाइन से निकल कर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अक्षयवट राय स्टेडियम में समाप्त हुआ. जुलूस के समापन पर बाइक सवारों ने सेफ्टी टेस्ट राइड प्रदर्शन में अपने राइडिंग स्किल की जांच की.

बाइक जुलूस में यातायात प्रभारी अवनीश कुमार एवं चंदामामा हीरो के प्रोपराइटर सुधांशु रंजन समेत पुलिस लाइन के जवानों एवं प्रतिष्ठान के कर्मियों ने हिस्सा लिया. जुलूस के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित स्लोगन से लोगों को जागरूक किया जा रहा था. प्रदर्शनकारियों ने हेलमेट लगा कर गाड़ी चलाने, नशे में गाड़ी नहीं चलाने, सही लेन में चलने, ट्रैफिक सिगनल का पालन करने, लहरिया कट गाड़ी न चलाने, नियमित रूप से अपनी गाड़ी की जांच कराते रहने, जेबरा क्रॉसिंग पर गाड़ी धीमी करने आदि स्लोगन लगा रखे थे.

स्टेडियम में हुआ 12 ओवरों का क्रिकेट मैच : सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत स्थानीय अक्षयवट राय स्टेडियम में जिला प्रशासन एवं चंदामामा हीरो के बीच क्रिकेट मैच खेला गया. मैच का उद‍्घाटन स्थानीय विधायक अवधेश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया. 12 ओवरों के मैच में जिला प्रशासन की टीम ने आठ विकेटों पर 110 रन बनाये. इसके जवाब में चंदा मामा हीरो की टीम 97 रनों पर ऑल आउट हो गयी.
जिला प्रशासन की ओर से खेलते हुए विपिन कुमार ने 50 रन और दो विकेट चटका कर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता. इस अवसर पर डीटीओ वरुण कुमार मिश्रा, ट्रैफिक डीएसपी राजवंश सिंह, नगर थानाध्यक्ष डाॅ शंकर झा, सदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एमवीआइ अनूप कुमार, सार्जेंट अवनीश कुमार, मनमोहन कुमार, सुनील कुमार, चंदा मामा के मनीष कुमार आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >