चोरी की घटना के बाद लोगों में आक्रोश
महुआ थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
महुआ : पुलिस प्रशासन के खौफ को ताक पर रख अज्ञात चोरों ने मंगलवार की रात्रि महुआ थाना गेट के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान का एस्बेस्टस काट अंदर प्रवेश कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने दुकान में मौजूद विभिन्न ब्रांडों के लगभग साढ़े चार लाख रुपये की कीमत की मोबाइल चोरी कर फरार हो गये. इधर थाने के सामने मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना की खबर मिलते ही बुधवार की सुबह सैकड़ों लोग जुट गये. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दुकान में पहुंच कर मामले की छानबीन की. इस संबंध में दुकान के मालिक रंजीत कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ महुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी.
आवेदन में बताया कि मंगलवार की रात दुकान बंद कर मैं अपने घर चला गया था. बुधवार की सुबह जब अपनी दुकान का शटर खोला तो मेरे होश उड़ गये. दुकान की छत का एस्बेस्टस काट कर दुकान में रखे सैमसंग, एप्पल, नोकिया सहित अन्य ब्रांडों के मोबाइल व एक कम्यूटर, एक लैपटाप गायब थे. जिसकी कीमत लगभग साढ़ चार लाख रुपये थी. इधर थाना के ठीक सामने दुकान की छत का एस्बेस्टस काट चोरी की घटना के बाद लोगों में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश दिखा. स्थानीय लोगों का कहना था कि जब थाना के सामने चोर बड़ी आसानी से छत के एस्बेस्टस काट कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और पुलिस को भनक भी नहीं लगी, तो और जगह का क्या हाल होगा ,इसका अंदाजा लगा सकते हैं. इस चोरी की घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. मालूम हो कि बीते वर्ष भी चोरों ने थाना के समीप ही एक पेट्रोल पंप के मालिक के घर का ताला काट कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया था.
घटना के बाद व्यवसायियों में दहशत
महुआ थाना के समीप समेत अन्य जगहों पर मोबाइल,आभूषण,कपड़ा दुकानों और घरों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार के व्यवसायियों में दहशत का माहौल बन गया है. थाना के समीप से मोबाइल दुकान में हुई भीषण चोरी के बाद अपनी दुकान तथा संपत्ति की रक्षा को लेकर सभी दुकानदार चिंतित दिखने लगे हैं. व्यवसायियों का कहना है कि दुकानदारों की सुरक्षा भगवान भरोसे है. चोरी की घटनाओं पर पुलिस प्रशासन की विधि व्यवस्था पर रोष जाहिर करते हुए व्यवसायी अनिल गुप्ता, दिनेश हिमांशु,राजकमल,गोपाल साह,राजू साह,सुनील साह,धीरज कुमार के साथ अन्य लोगों ने आरक्षी अधीक्षक वैशाली से मोबाइल दुकान से हुई चोरी के सामान की बरामदगी कराते हुए चोरों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी .
क्या कहते हैं अधिकारी
मोबाइल दुकान से चोरी की सूचना मिली है. पीड़ित दुकानदार ने लिखित आवेदन दिया है. घटना की जांच की जा रही है.जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
भागीरथ प्रसाद,थानाध्यक्ष, महुआ
