दारोगा ने लगाया बालू खनन रोकने पर पिटाई करने का आरोप
ग्रामीणों ने कहा, अवैध वसूली करने पहुंचे थे दारोगा
कटेया : कटेया थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव में हो रहे बालू के अवैध खनन को रोकने पहुंचे कटेया के दोरागा व पुलिसकर्मियों पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया. इसमें दारोगा बुरी तरह घायल हो गये. घायल दारोगा को मौजूद पुलिस जवानों ने किसी तरह बचा कर अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज किया गया. वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण दारोगा पर मिट्टी काट रहे जेसीबी संचालक से जबरन पैसे वसूलने व चालक को पीटने का आरोप लगा रहे हैं. वहीं अभी तक इस मामले में कटेया पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है.
इससे यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार की देर शाम सिकटिया मठिया के पास जेसीबी से बालू की खुदाई की जा रही थी. तभी पंचदेवरी पुलिस पिकेट पर तैनात दारोगा विनोद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और चालक को पकड़ कर पीटने लगे. इसके बाद उसे पकड़ कर गाड़ी में बैठा लिया और थाने लेकर जाने लगे. आसपास के ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, धीरे-धीरे पुलिस और ग्रामीणों के बीच बकझक शुरू हो गयी.
ग्रामीणों का गुस्सा फूटते देख भाग खड़े हुए पुलिसकर्मी : दारोगा के नहीं मानने पर ग्रामीण अवैध वसूली व दबंगई का आरोप लगाते हुए उग्र हो गये. पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापाई शुरू हो गयी. दारोगा द्वारा गाली-गलौज किये जाने पर ग्रामीण पुलिस पर टूट पड़े और दारोगा की जमकर पिटाई कर दी. इसे देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए. इसी क्रम में दारोगा का सरकारी रिवॉल्वर भी गिर गया जिसे ग्रामीणों ने अपने कब्जे में ले लिया. घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत एवं सीओ उपेंद्र कुमार तिवारी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया.
सीओ और थानेदार की पहल पर मिला रिवाॅल्वर : झड़प के दौरान दारोगा का रिवॉल्वर ग्रामीणों ने छीन लिया या गिर गया. यह मामला अभी जांच का विषय है. वैसे सीओ और थानेदार की पहल पर किसी तरह दारोगा का रिवाॅल्वर भी वापस कराया जा सका. वहीं, दारोगा विनोद कुमार पांडेय ने बालू खनन की सूचना मिलने की सूचना मिलने पर वहां जाने की बात कही है. दारोगा ने बताया कि बालू खनन की जानकारी मिलते ही वे वहां पहुंचे और जेसीबी के चालक को पकड़ लिया और जेसीबी को जब्त करते हुए थाने ले जाने के लिए जैसे रोड पर लाये कि अचानक 10-12 लोगों ने पुलिस की गाड़ी रोक कर हमला कर दिया. इसमें वे घायल हो गये. साथ ही दारोगा ने रिवॉल्वर छीनने की बात भी कही है. हालांकि अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी है.
पूरे मामले की हो रही जांच : मीरगंज सर्किल के इंस्पेक्टर बीपी आलोक ने बताया कि मामले की पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प का मामला गंभीर है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. मौके पर जांच से स्पष्ट होगा कि बालू का खनन हो रहा था या मिट्टी का. पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी.
