सराय/हाजीपुर : थाना क्षेत्र के आदर्श पंचायत अकबरमलाही में मंगलवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गयी जब चापाकल में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गयी. मृतक भारती कुमार(22) अकबर मलाही गांव निवासी मनोज कमार सिंह का पुत्र था. मनोज उस पंचायत के वार्ड-12 का वार्ड सदस्य है. भारती उसका तृतीय पुत्र था.
वह बीए पार्ट टू का छात्र था और फिलवक्त मुजफ्फरपुर स्थित बिग बाजार में काम करता था. घटना की जानकारी मिलते ही वहां आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी. भारती कुमार मंगलवार की सुबह अपने दरवाजे पर चापाकल में लगा मोटर चालू कर स्नान करने के लिये गया हुआ था. इसी दौरान मोटर में बिजली का करंट प्रवाहित होने लगा और वह विद्युत करंट की चपेट में आ गया. करंट के झटके से वह दूर जा गिरा और बेहोश हो गया. उसे गिरते देख परिजन उसके पास पहुंचे. पहले बिजली सप्लाई को बंद किया और भारती को उठाकर इलाज के लिये सदर अस्पताल के लिये चल दिये.
भारत बंद के दौरान एनएच-22 पर कई जगहों पर जाम होने के कारण रास्ते में उनलोगों को रुकना पड़ा. काफी मशक्कत और ग्रामीण सड़कों से वे लोग सदर अस्पताल पहुंचे. लेकिन तब तक काफी देर होने के कारण भारती की मौत हो चुकी थी. परिजन शव को लेकर घर लौट गये. शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया. गांव के एक युवक की अकाल मौत को लेकर पूरे गांव में मातम पसर गया. इधर घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस अकबरमलाही गांव में पहुंची. पुलिस ने घटना की जानकारी ली और परिजनों को समझा-बुझाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस शव को लेकर सदर अस्पताल आयी और यहां पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
