चेहराकलां : महुआ -मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार को ट्रक से कुचलकर 11 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गयी . घटना के बाद चालक ट्रक लेकर वहां से फरार हो गया . घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजा की मांग करने लगे . घटना की सूचना मिलते ही चेहराकलां […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
चेहराकलां : महुआ -मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार को ट्रक से कुचलकर 11 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गयी . घटना के बाद चालक ट्रक लेकर वहां से फरार हो गया . घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजा की मांग करने लगे . घटना की सूचना मिलते ही चेहराकलां के सीओ के नेतृत्व में कटहरा ओपी अध्यक्ष मौके पर पहुंचे .
दोनों पदाधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया . जाम टूटने के बाद इस मार्ग पर आवागमन शुरू हुआ . मृतक किशन कुमार (11) समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पटोरी गांव निवासी सदानंद झा का पुत्र था . वह गोरौल थाना क्षेत्र के सरैया गांव में अपने ननिहाल में मां-बाप के साथ रहता था . सास- ससुर की सेवा करने के उद्देश्य से सदानंद झा अपनी पत्नी के साथ बीते 15 वर्षो से ससुराल में रह रहा है. जानकारी के अनुसार बुधवार को लगभग दो बजे दिन में महुआ -मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग के करौना चौक के समीप तेज रफ्तार से महुआ की ओर जा रहा एक ट्रक का चालक नियंत्रण खो दिया और सड़क पार कर रहे
किशन कुमार को कुचल दिया . स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिये चेहराकलां पीएचसी में भर्ती कराया . वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अजेन्द्र कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर रूप से घायल होने के कारण बेहतर इलाज के लिये महुआ अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया. रेफरल अस्पताल जाने के क्रम में एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गयी . इसके बाद परिजन शव को वहां से लाकर सड़क पर रख जाम कर दिया . आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और घटनास्थल पर एसपी को बुलाने की मांग करने लगे .
जाम हटाने के लिये अंचलाधिकारी पहुंचे: इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थलपर पहुंची . पुलिस अपने स्तर से आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया , लेकिन मुआवजे की मांग को लेकर लोग हंगामा करते रहे .
स्थिति की नजाकत को भांपते हुये पुलिस ने स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दी . इसके बाद चेहराकलां के अंचलाधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में कटहरा ओपी प्रभारी राकेश रंजन दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे . लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया गया . इसके बाद पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया . इस दौरान इस मार्ग पर दो घंटो तक जाम लगा रहा .
मुआवजा मिलने के बाद लोग हुए शांत
महुआ मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर करौना चौक के समीप ट्रक से कुचलकर किशोर के मौत को लेकर परिजन सड़क जाम कर मुआवजे की मांग पर अड़े हुये थे . स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल और चेहराकलां के बीडीओ अवधेश कुमार राय के निर्देश पर आपदा राहत कोष से मृतक के परिजन को बीस हजार रूपये मुआवजा दी गयी .
पंचायत के मुखिया पम्पी कुमारी द्वारा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत शव के दाह संस्कार के लिये तीन हजार रुपये दिये गये . इसके बाद आक्रोशित लोग शांत हुये . इस दौरान विशुनपुर अड़रा पंचायत के मुखिया पम्पी कुमारी, उपमुखिया देवप्रसाद यादव, जदयू प्रखंड अध्यक्ष हिमाचल कुमार आदि ने जाम हटाने के क्रम में प्रशासन को अपने स्तर से पूरी मदद की .
क्या कहते हैं पदाधिकारी
थाना क्षेत्र में ट्रक की ठोकर से एक किशोर की मौत हुयी है . घटना के विरोध और मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया था . स्थानीय प्रशासन मुआवजा दिये जाने के बाद लोग शांत हुये . पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है . इस संबंध में मृतक के पिता सदानंद झा के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है . पुलिस मौके से फरार हुये ट्रक को चिह्नित करने और चालक को गिरफ्तार करने के लिये आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है .