गोरौल : मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी एनएच-77 पर मीनापुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के समीप शनिवार को बोलेरो से कुचलकर नौ स्कूली बच्चों की मौत की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि सोमवार की शाम गोरौल थाना क्षेत्र में सोंधो अंधारीगाछी मुख्य मार्ग पर बोलेरो से कुचलकर एक स्कूली बच्चे की मौत हो […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
गोरौल : मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी एनएच-77 पर मीनापुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के समीप शनिवार को बोलेरो से कुचलकर नौ स्कूली बच्चों की मौत की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि सोमवार की शाम गोरौल थाना क्षेत्र में सोंधो अंधारीगाछी मुख्य मार्ग पर बोलेरो से कुचलकर एक स्कूली बच्चे की मौत हो गयी. मृतक रीतिक कुमार (5) सोंधो दुलह गांव निवासी प्रमोद कुमार का पुत्र था. वह नर्सरी क्लास का छात्र था. इस घटना में मृतक का दादा महेश्वर राय भी जख्मी हो गया.
यह घटना तब हुयी जब वह अपने दादा के साथ घर से निकलकर सड़क पार कर रहा था. घायल महेश्वर राय को इलाज के लिये गोरौल पीएचसी में भर्ती कराया गया है . घटना के बाद चालक मौके पर बोलेरो छोड़कर वहां से फरार हो गया . घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के लोग वहां जुट गये. घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव को रखकर इस मार्ग को जाम कर दिया. जाम की सूचना मिलते ही गोरौल थाने की पुलिस दल बल के साथ वहां पहुंची .
जानकारी के अनुसार रीतिक अपने दादा के साथ घर से निकलकर सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान सोंधो अंधारीगाछी की ओर से आ रही बोलेरो का चालक अनियंत्रित होकर दादा-पोता को ठोकर मार दिया . बोलेरो की ठोकर से रीतिक और उसके दादा गंभीर रूप से घायल हो गये . स्थानीय लोगों ने दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिये गोरौल पीएचसी लेकर पहुंचे . जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत रीतिक को मृत घोषित कर दिया . इसके बाद परिजन शव को लेकर घटनास्थल पर चले गये . शव को सड़क पर रखकर वाहनों की आवाजाही ठप कर दिया .
बोलेरो चालक की हुई पहचान
दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने बोलेरो का पीछा करना शुरू कर दिया. पकड़े जाने के भय से चालक बोलेरो छोड़ कर भाग निकला. स्थानीय लोगों ने बोलेरो चालक की पहचान सोंधो गोला गांव निवासी मुन्ना पटेल के रूप में की है . बोलेरो का मालिक राम जोत राय सोंधो गोला गांव का ही रहने वाला बताया गया है. स्थानीय लोगों ने बोलेरो गोरौल पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया है .बोलेरो की ठोकर से एक बच्चे की मौत के बाद सड़क जाम की सूचना मिलते ही सोंधो दुलह पंचायत के जनप्रतिनिधि अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गये .
गोरौल प्रखंड के प्रमुख मुन्ना कुमार , राजद के प्रखंड अध्यक्ष अमन कुमार मेहता , पंचायत के सरपंच मुमताज आलम , पैक्स अध्यक्ष राम एकबाल सिंह यादव, डीलर रामनंदन राय सहित अन्य लोग जाम स्थल पर पहुंच गये . जनप्रतिनिधियों ने जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया .
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस बनी रही मूकदर्शक
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाने के अनि अवध बिहारी झा , अजय कुमार, अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने पहले अपने स्तर से जाम कर रहे लोगों को सझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग जाम स्थल पर वरीय पदाधिकारी को बुलाने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुये थे . स्थिति की नजाकत और लोगों के उग्र तेवर को देख पुलिस साइड होकर मूकदर्शक बनकर खड़ी रही .
लगभग तीन घंटो तक जाम के बाद पुलिस ने लोगों को समझा- बुझाकर शांत कराया . प्रमुख मुन्ना कुमार ने मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा मिलने वाली हर प्रकार की सहायता दिये जाने के आश्वासन के बाद लोग शांत हुये . इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया . शव को पोस्टमार्टम के लिये हाजीपुर भेजने की कार्रवाई की जा रही थी .