हाजीपुर के चौहट्टा पटवाटोली के पास वारदात
बाइक से आये अपराधियों ने देर शाम की बमबाजी व गोलीबारी
हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा पटवाटोली के पास शनिवार देर शाम अपराधियों ने गोली मारकर किसान की हत्या कर दी. मृत उदय प्रताप सिंह पटवा टोली मोहल्ला निवासी दिलीप नारायण सिंह का पुत्र था. परिजनों ने घटना का कारण पूर्व से चला आ रहा भूमि विवाद बताया है.
जानकारी के अनुसार एक पट्टीदार द्वारा जमीन बेचे जाने के बाद विवाद शुरू हुआ था. विवाद अभी चल ही रहा था कि इसी बीच शनिवार की देर शाम आठ-नौ बाइक पर सवार लगभग दो
भूमि विवाद में किसान…
दर्जन अपराधी अचानक घर के पास पहुंचे. दहशत फैलाने के लिए पहले तीन बम फोड़े. उसके बाद गोलियों की बौछार शुरू कर दी. अपराधियों की फायरिंग के दौरान उसमें से एक गोली किसान उदय प्रताप को लगी. गोली लगने के बाद वे मौके पर गिर पड़े. खून से लथपथ किसान को परिजनों ने सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के भतीजे दीपक कुमार ने बताया कि 8-9 बाइक से सभी अपराधी पहुंचे थे. एक बाइक पर तीन अपराधी सवार थे. वहां पहुंचते ही अपराधियों ने बमबाजी व गोलीबारी शुरू कर दी. उसने बताया कि हमलावरों में संतोष, चंदन, विनोद ठाकुर के अलावा अन्य शामिल थे.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर गोलीबारी के दौरान उदय प्रताप सिंह को गोली मारी गयी है. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शीघ्र ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
