टला हादसा. ओवरलोडेड थी नाव, आसपास के तैराकों ने बचायी जान
बिदुपुर : राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रुस्तमपुर घाट से कच्ची दरगाह के बीच गंगा नदी में चलने वाले एक यात्रियों से खचाखच भरी नाव नदी के बीच में फंस गयी. जिससे नाव पर सवार सैकड़ों लोग दिनभर फंसे रहे. नाव के फंसते ही यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई. घंटों बीच नदी में फंसे नाव को भीषण ठंड के कारण कोई गंगा नदी में कूदने की साहस नहीं जुटा पाया. घंटों फंसे यात्रियों ने अपने-अपने घर मोबाइल से इस बात की सूचना दी. जब दर्जनों यात्रियों के परिजन नदी घाट पर पहुंचे और हिम्मत जुटाकर किसी तरह नदी में तैर कर बीच नदी में फंसे नाव को देर शाम निकाला. तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली. रुस्तमपुर के मंगल राय , मलिकपुर गांव के मुनापिक राय , रघुवीर राय श्यामसुंदर राय ने बताया कि छह घंटे भगवान का नाम लेते ही गुजरा. सामने मौत नजर आ रही थी .
उन्होंने बताया कि सब्जी का व्यवसाय करने नदी पार कर पटना जाते हैं. फिर वापस आ जाते हैं. बताया जाता है कि प्रत्येक दिन जान-जोखिम में डालकर ही यात्री यात्रा करने को विवश हैं. अधिक आय को लेकर ओवरलोडिंग कर नाविक नाव खोलते है, जिसके कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बुधवार को भी दोपहर बाद नाव रुस्तमपुर घाट से कुछ दूरी पर बीच गंगा नदी में ओवर लोड होने के कारण फंस गयी. नाव फंसने के कारण अफरा-तफरी मच गयी.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
नाव फंसने की यह कोई नयी बात नहीं है. प्रत्येक दिन ओवर लोडेड होने के कारण नाव फंसी रहती है और बाद में निकाला जाता है. आज ठंड अधिक होने की वजह से कोई तैराक नदी में छलांग लगाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था, जिससे घंटों नाव फंसी रही.
अजय कुमार, थानाध्यक्ष, रुस्तमपुर ओपी
क्या कहते हैं सीओ
नाव फंसने की शिकायत मिली है. जांच के क्रम में ओवर लोडेड नाव परिचालन की बात आयी है. ओवर लोडेड नाविकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
आनंद प्रकाश, अंचलाधिकारी, राघोपुर
