देर रात की घटना के कारण शव के ऊपर से रात भर गुजरीं गाड़ियां
महुआ : थाना क्षेत्र के महुआ-ताजपुर मुख्य मार्ग पर मोहनपुर धनराज गांव में कुशहर अज्ञात वाहन की ठोकर से एक युवक की मौत हो गयी. घटना से नाराज लोगों ने उक्त मार्ग को कुशहर चौक पर जाम कर हंगामा शुरू कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बूझाकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात ताजपुर सड़क मार्ग के मोहनपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से एक 32 वर्षीय युवक की मौत किसी अज्ञात वाहन से कुचल कर हो गयी. मौत की सूचना किसी को नहीं मिली और कई गाड़ियां उसके शव से गुजर गये, जिसके कारण उसका शव क्षत-विक्षत हो गया.
अहले सुबह जब लोगों ने देखा तो क्षेत्र में हंगामा मच गया. मृतक युवक की पहचान मोहनपुर धनराज उर्फ खीराचक गांव निवासी विजय राम के पुत्र शिवशंकर कुमार राम उर्फ पप्पू के रूप में हुई है. पहचान होने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये और शव के साथ महुआ ताजपुर मार्ग के कुशहर चौक को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गयी, जिसके कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गयी. बाद में इसकी सूचना महुआ पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भगीरथ प्रसाद के साथ अन्य पुलिस बल जाम स्थल पर पहुंच कर लोगों को समझा बूझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर हॉस्पिटल, हाजीपुर भेज दिया. उधर घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ प्रभात रंजन ने पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये का चेक दिया है.
