हाजीपुर : बिहार के वैशाली जिले के सदर थाना अंतर्गत दिग्घी पूर्वी गांव में आज 34 वर्षीय एक दलित महिला का शव मिला और संदेह है कि उससे कथित रूप से दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गयी. सदर थानाध्यक्ष चितरंजन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने महिला का शव उसके घर के पास गन्ने के एक खेत से बरामद किया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों ने महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी और बाद में उसका शव उक्त खेत में फेंककर फरार हो गये. ठाकुर ने बताया कि यह घटना तब हुई जब घने कोहरे के बीच महिला अपने घर के पास के एक खेत में शौच के लिए गयी थी. उन्होंने बताया कि जब महिला काफी देर तक अपने घर नहीं लौटी तो उनके परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरूकी. बाद में उसका शव एक खेत में पड़ा मिला.
ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है. उन्होंने बताया कि मृतक महिला के पति ने दुष्कर्म करके हत्या करने की प्राथमिकी थाने में दर्ज करायी है.
