हाजीपुर : घाटी में हुई बर्फबारी ने एक बार फिर से वेस्ट जोन को ठंडा कर दिया है. दोपहर में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवा से कनकनी बढ़ गयी. सुबह में हल्का कोहरा के बाद दिन भर अच्छी धूप रही. बर्फबारी के कारण वैशाली का न्यूनतम पारा 11 डिग्री तक […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
हाजीपुर : घाटी में हुई बर्फबारी ने एक बार फिर से वेस्ट जोन को ठंडा कर दिया है. दोपहर में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवा से कनकनी बढ़ गयी. सुबह में हल्का कोहरा के बाद दिन भर अच्छी धूप रही. बर्फबारी के कारण वैशाली का न्यूनतम पारा 11 डिग्री तक पहुंच गया है. वहीं अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया. सोमवार की सुबह सभी जगहों पर कोहरा रहा.
दिन में लोगों को धूप मिलने के बाद भी कनकनी महसूस हुई. सुबह में नौ बजे के बाद शाम तक धूप रही. यह स्थतित सोमवार की सुबह 11 बजे तक बनी रही. 10.30 बजे के बाद धूप निकलने से थोड़ी राहत हुई़ शाम 4.10 बजे के बाद ठंड बढ़ने लगी. मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार, गलन भरी ठंड कुछ और दिन बनी रहेगी. यह स्थिति हिमालय क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवा से बनी है़ आसमान में हाई क्लाउड होने के कारण खिलकर धूप नहीं हो रही है.
लोगों के लिए अलाव बना सहारा : सर्दी में लोगों के लिए अलाव सबसे बड़ी सहारा बना. चौक-चौराहों पर लोग अलाव तापते नजर आये. गर्म कपड़ों में लोग घरों से बाहर निकले. चाय की दुकानों पर भीड़ दिखाई दी. स्कूली बच्चे स्वेटर पहने दिखाई दिये. मौसम विभाग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में ठंडी में और इजाफा देखने को मिलेगा.
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड : पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर शनिवार की शाम पश्चिमी विक्षोभ बन गया, जिसके चलते वहां और उत्तराखंड में बारिश हो गयी. यह बारिश तब तक तो कम असरकारक थी जब तक हवा पूरब दिशा से चल रही थी. जैसे ही हवाओं का रुख बदला और वह उत्तर-पश्चिम से चलने लगी, बारिश की ठंड उत्तर बिहार के मैदानी इलाकों में भी पहुंच गयी. यह स्थिति अगले दो दिनों में भी जारी रहेगी़ इसलिए ठंड के बढ़ने के आसार है.
10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा
हवा की गति आठ से 10 किलोमीटर होने की वजह से ठंड और बढ़ गयी और इसने अधिकतम तापमान को गिरा दिया. अधिकतम तापमान जो तीन दिन पहले 25 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था, वह गिरकर 24 डिग्री हो गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर पहुंच गया. ठंड बढ़ाने में वातावरण में मौजूद नमी का भी भरपूर योगदान रहा. सोमवार को अधिकतम आद्रता 85 फीसदी तो न्यूनतम आद्रता 55 फीसदी रिकार्ड की गयी.