हाजीपुर : बिदुपुर थाने के नावानगर बाजार में चोरों ने करीब 32 लाख के जेवर की चोरी कर ली. शनिवार की अहले सुबह दुकान का ताला कटा देख दुकानदार के होश उड़ गये. दुकान की तिजोरी भी कटी हुई थी. तिजोरी में रखे लगभग 32 लाख रुपये के आभूषण के साथ एक लाख नकद एवं कुछ जरूरी दस्तावेज भी गायब थे.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल ने दल बल के साथ घटनास्थल पहुंच कर छानबीन की. स्वर्ण व्यवसायी सुबोध कुमार साह ने अपनी दुकान में तिजोरी में लगभग 600 ग्राम सोना, आठ किलोग्राम चांदी, एक लाख नकदी, पत्नी और बहू के पांच लाख का जेवर, बच्ची की शादी के लिए बना कर रखे गये चार लाख के जेवरात एवं ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे पांच लाख रुपये के जेवरात समेत जमीन के कागजात व अन्य जरूरी दस्तावेजों की चोरी होने की जानकारी दी.
