हाजीपुर : शहर में वेंडिंग जोन का निर्माण इस साल भी अधर में रह गया. वेंडिंग जोन नहीं बनाये जाने का खामियाजा यहां के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है. शहर की एक ऐसी समस्या है जो चाहें आम लोग हो या खास हो सबको परेशान करती है, वह समस्या है जाम और अतिक्रमण की समस्या. नगर प्रशासन अतिक्रमण हटाओ अभियान चला कर परेशान हो चुका है, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला. चंद दिनों की सुधार के बाद स्थिति फिर समस्या जस की तस बनी रहती है.
लोगों का कहना है कि इस समस्या का सिर्फ अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं होगा बल्कि वेडिंग जोन के निर्माण करने से होगा है.पांच साल पहले बनी योजना, आज तक नहीं हुई पूरी: शहर में दिनभर रुक-रुक कर लगने वाले जाम का मुख्य कारण अतिक्रमण है. फुटपाथ दुकानदारों तथा वेंडरों द्वारा शहर के चौक-चौराहों से लेकर सड़कों पर ठेला व पटरी पर दुकानें लगा देने के चलते जाम की स्थिति पैदा होती है.
शहर के गुदरी रोड, कचहरी रोड, हॉस्पिटल रोड, सिनेमा रोड समेत अन्य मार्गों की स्थिति हमेशा बदतर रहती है, जब पैदल गुजरने वालों को भी गुत्थम-गुत्थी से गुजरना पड़ता है. नगर पर्षद ने इस समस्या के स्थायीसमाधान के लिए शहर में वेंडर्स जोन का निर्माण कर वेंडरों और फुटपाथ दुकानदारों को वहां शिफ्ट कराने की योजना बनायी थी.
नगर पर्षद का मानना है कि वेंडर्स जोन का निर्माण हो जाने से फुटपाथ विक्रेताओं को भी स्थायी जगह मिल जायेगी और शहर में अतिक्रमण की समस्या भी दूर होगी. नगर पर्षद ने वर्ष 2012-13 में ही वेंडर्स जोन के निर्माण की योजना तो बनायी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई.
