गुस्सा. पुलिस ने मौके से तीन बाइकें कीं बरामद
हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग के बागमली मोहल्ला में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी जब छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों द्वारा स्थानीय एक युवक के साथ मारपीट किये जाने से आक्रोशित लोगों ने तीन मनचलों को धर दबोचा और तीनों की जमकर पिटायी शुरू कर दी. लोगों के तेवर देख तीनों मनचले मौके पर अपनी-अपनी बाइक छोड़ वहां से भाग निकले. इधर घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके से तीन बाइक को बरामद कर जब्त कर लिया. जब्त किये गये एक बाइक पर पुलिस लिखा हुआ है, जिसकी पड़ताल की जा रही है.
जानकारी के अनुसार उक्त मोहल्ले की तीन लड़की कोचिंग से घर लौट रही थी. इसी दौरान तीन बाइक से छात्राओं का पीछा करते हुए मनचले वहां आ घमके और छात्राओं के साथ छेड़खानी करना शुरू कर दिया. स्थिति की नजाकत को देख तीनों छात्रा पास ही स्थित एक घर में जाकर छिप गयी. इधर घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग वहां जुट गये और मनचलों का विरोध करने लगे. जिसको लेकर मनचलों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गये और इसी क्रम में उसी मोहल्ले के एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया. घायल महेश कुमार साह बागमली मोहल्ले का रहने वाला हैं. उसे सदर अस्पताल में इलाज के लिये भर्ती कराया गया है. मालूम हो कि शहर के विभिन्न मोहल्लों में इन दिनों लहेरिया कट बाइक चलाते मनचले युवकों की करतूत से लोग परेशान है. आये दिन बागमली, खाताजंगी, तंगौल, सांचीपट्टी, सीता चौक, जौहरी बाजार चौक, अंजानपीर चौक, गांधी चौक, रेलवे अंडर पास सहित शहर के अन्य कई मार्गों पर मनचले बाइक से मंडराते रहते है. कोचिंग जा या लौट रही छात्राओं तथा युवतियों को देखते ही लहेरिया कट स्टाइल में बाइक चलाते हुए पास पहुंच कर फब्तियां कसने से बाज नहीं आता है. इस क्रम में मौका मिलने पर छेड़खानी भी कर बैठते है.
बोले जनप्रतिनिधि
कोचिंग की छुट्टी के समय बाइक सवार मनचलों की सक्रियता बढ़ जाती है. कोचिंग की छात्रायें दहशत में रहती है.
सुभाष कुमार निराला, नगर अध्यक्ष राजद
बोले पदाधिकारी
स्थानीय लोगों द्वारा छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहे मनचलों की बाइक बतायी गयी है. इस संबंध में पीड़िता द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है.
सुनील कुमार, थानाध्यक्ष, नगर थाना
