हाजीपुर : जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को संविदा कर्मियों की नियमित करने की मांग व समान काम के बदले समान वेतन की मांग और गिट्टी बालू मिट्टी को फ्री सेल करसने की मांग को लेकर हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों रोक दिया. साथ ही हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग के पासवान चौक पर सड़क जाम कर सरकार के विरुद्ध नारे लगाये.
जन अधिकार पार्टी के युवा परिषद के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार उर्फ पिंटू यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर विहार संपर्क क्रांति, मौर्य एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर रोक कर संविदा कर्मियों को नियमित करने, युवाओं को रोजगार देने, मजदूरों के पलयान रोकने एवं सभी घोटालों की सख्ती से जांच की मांग के साथ सभी परीक्षाओं को पारदर्शी करने की मांग एवं जिले में बढ़ रही अपराध पर रोक लगाने की मांग करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाये. इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पासवान चौक एवं हाजीपुर-जन्दाहा मुख्य मार्ग जाम कर दिया. जाम के दौरान वाहनों की लंबी लाइन लग गयी. पाटी के जिलाध्यक्ष पिंटू यादव ने कहा कि वर्तमान में सरकार में अपराध चरम पर है. युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, बालू बंद हो जाने से वाहन वाले त्रस्त हैं तो मजदूर रोजगार के अभाव में बाहर पलायन कर रहे हैं.
वहीं घोटाले पर घाटाले हो रहे हैं. इस पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. अगर जल्द ही इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो जन अधिकार पार्टी लगातार आंदोलन करती रहेगी. पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि समान काम के लिए वेतन लागू करने संविदा कर्मियों को नियमित करने के लिए यह आंदोलन किया गया है. अगर सरकार ने हमारी मांगों को नहीं मानेगी तो 16 दिसंबर को पूरा बिहार में बंद किया जायेगा.
