महनार : महनार के व्यवसायी श्रवण जायसवाल हत्याकांड के विरोध में महनार बंद का व्यापक असर देखा गया. स्वेच्छा से सभी व्यवसायियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान सुबह से ही बंद रखे. आम लोगों के आक्रोश को देख और सुरक्षा के मद्देनजर सभी सरकारी, गैर सरकारी शिक्षण संस्थान, बैंक भी बंद रहे. महनार बंद के बाद मदन चौक पर पप्पू यादव ने कहा कि महनार में अबतक कई निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गयी, किंतु एक भी हत्या के मामले का उद्भेदन पुलिस नहीं कर सकी.
उन्होंने कहा कि हर तरफ अपराधियों का बोलबाला है. वहीं बंद से महनार, हाजीपुर, मोहिउद्दीन नगर, जंदाहा मार्ग पर यातायात बाधित रहा. अधिकतर लोग किसी तरह महनार स्टेशन पहुंचे. सांसद ने कहा कि श्रवण की हत्या की शोकसभा में शामिल 11 लोगों को नामजद और 150 अज्ञात पर सीओ द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी पर नाराजगी जताते हुए सांसद ने कहा कि अंचलाधिकारी ने राजनीतिक इशारे पर प्राथमिकी दर्ज करायी है.
