गणिनाथ घाट पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को किसानों ने रोका
बिदुपुर : थाना क्षेत्र के गणिनाथ घाट स्थित दियारे इलाके में बुधवार को एकाएक अफरातफरी मच गयी. खेत में काम कर रहे किसान जो जैसे थे, सभी अपनी हंसिये-कुदाल लेकर दौड़ पड़े और अवैध रूप से जा रहे बालू लदे ट्रेक्टर को रोक दिया. जैसे ही ट्रेक्टर रुकी कि चंद ही मिनटों में हरवे-हथियार से […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
बिदुपुर : थाना क्षेत्र के गणिनाथ घाट स्थित दियारे इलाके में बुधवार को एकाएक अफरातफरी मच गयी. खेत में काम कर रहे किसान जो जैसे थे, सभी अपनी हंसिये-कुदाल लेकर दौड़ पड़े और अवैध रूप से जा रहे बालू लदे ट्रेक्टर को रोक दिया. जैसे ही ट्रेक्टर रुकी कि चंद ही मिनटों में हरवे-हथियार से लैस अवैध बालू कारोबारी पहुंच गये,
जहां उनकी बालू लदी ट्रेक्टर रुकी थी. कुछ पल के लिए तो किसानों एवं कारोबारियों के बीच तू-तू मैं-मैं हुई और दोनों एक दूसरे को मारपीट पर उतारू हो गये. आखिरकार जबरन बालू लदे ट्रेक्टर को निकालने में कारोबारी कामयाब रहे. मौके की नजाकत को देखते हुए एक किसान ने घटना की सूचना बिदुपुर पुलिस को दी. सूचना पाते ही थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल एवं सहायक अवर निरीक्षक विजय पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.
हालांकि पुलिस को देखते ही कारोबारी खिसक निकले, लेकिन पुलिस ने किसानों को आश्वासन दिया कि अब ट्रेक्टर किसी भी सूरत में गेहूं बोये खेत से होकर नहीं जायेगी. इसके बाद किसान शांत हुए.
क्या है मामला
बिदुपुर के गणिनाथ घाट स्थित दियारे इलाके में किसानों ने अपनी-अपनी खेत में गेहूं की बुआई कर डाली है. किसानों द्वारा मना करने के बावजूद बालू कारोबारी बालू लदे ट्रेक्टर को जबरन उस खेत से ले जा रहे थे. इस बात पर सभी किसान उग्र हो गये और ट्रेक्टर को रोक दिया, लेकिन जबरन कारोबारी हथियार का भय दिखाकर ट्रैक्टर लेकर चले गये.
इसी बात को लेकर किसान उग्र हो गये और एक दूसरे को मारपीट पर उतारू हो गये. घटना की सूचना पर पहुंचे बिदुपुर पुलिस किसानों को यह आश्वासन दिया कि किसी भी सूरत में अब ट्रेक्टर नहीं जायेगी और फसल बर्बाद नहीं होगी, तब जाकर खेत में जुटे किसान शांत हुए और स्थिति नियंत्रण में हुआ. पुलिस का दावा है कि किसानों के गेहूं लगे खेत से ट्रेक्टर या अन्य वाहन ले जाने वाले बालू के धंधेबाजों को चिह्नित कर लिया गया है, उनलोगों को चेतावनी दी गयी है. इसके बावजूद भी अगर किसानों के खेत के रास्ते धंधेबाज किसी प्रकार के वाहन का उपयोग बालू ढ़ोने में करते हैं, तो वैसे धंधेबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
क्या कहते हैं किसान
खेत में गेहूं की बुआई हो गयी है और बुआई होने से पहले बालू कारोबारी को हिदायत दी गयी थी कि बुआई होने के बाद बालू लदा ट्रेक्टर नहीं जायेगा. इसके बावजूद कारोबारी हथियार के बल पर रात्रि में दर्जनों गाड़ी बालू ले गये.
जामुन सिंह, किसान, बिदुपुर डीह
बालू बंद होने के बावजूद अगर कारोबारी को खेत से ट्रेक्टर लेकर जाना है तो दो किसानों से पूछने के बाद उनके खेत के आड़ पर होकर जाना चाहिए. जिससे फसल को नुकसान कम हो. ये कदापि नहीं होनी चाहिए कि किसी खेत के बीचों-बीच होकर ट्रेक्टर जाये. इससे किसान की रीढ़ टूट जायेगी.
जय राय, किसान, गणिनाथ बिदुपुर
क्या कहते हैं पदाधिकारी
मामला संज्ञान में आया है. इस कारोबार में संलिप्त दो लोगों का नाम जांच में आया है. जांचोपरांत कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल विवादित स्थल पर चौकीदार की प्रतिनुक्ति की गयी है. स्थिति नियंत्रण में है.