अलमारी तोड़कर 80 हजार रुपये भी ले गये
महुआ : थाना क्षेत्र के गोला रोड निवासी एक व्यवसायी के घर चोरों ने घर का ताला काटकर 80 हजार नकद सहित लगभग पांच लाख रुपये के जेवरात चुरा लिया. यह घटना तब हुई जब व्यवसायी अपने पिता के निधन की खबर सुन कर सपरिवार पैतृक घर मुस्तफापुर गये हुए थे. व्यवसायी ने इसकी सूचना पुलिस को दी गयी है. मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बाजार के गोला रोड निवासी व व्यवसायी दिनेश प्रसाद वर्मा के पिता चंद्रिका प्रसाद वर्मा का निधन गुरुवार को पैतृक गांव मुस्तफापुर में हो गया था. पिता की मौत का खबर मिलते ही श्री प्रसाद सपरिवार अपने गांव चले गये.
इधर रात्रि में मौके का फायदा उठाकर चोर ग्रिल का ताला काटने के बाद कमरे में प्रवेश कर गये. कमरे में रखे गये गोदरेज का लॉक तोड़ उसमें रखे गए 80 हजार नकदी के अलावे दो पीस हार, कान के झुमके, तीन पीस मोबाइल, चार जोड़ी पायल के साथ अन्य आभूषण की चोरी कर ली. इसकी जानकारी गृहस्वामी को उस वक्त हुई जब वह गांव से लौटा. घर पहुंचने पर देखा कि ग्रिल का ताला कटा है. कमरे का सामान इधर- उधर बिखरा पड़ा है. गृहणी चंदा वर्मा ने इसकी सूचना पहले अपनी व्यवसायी पति दिनेश को दी. नकदी समेत तकरीबन पांच लाख की संपत्ति की चोरी की सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस घटना की जानकारी आसपास के लोगों से ली है.
बोले पुलिस पदाधिकारी
थाना क्षेत्र के गोला रोड स्थित एक व्यवसायी के घर में चोरी होने की सूचना मिली है. पुलिस पदाधिकारी को जांच के लिये भेजा गया है. चोरी की घटना को पुलिस गंभीरता से लेते हुए गिरोह को शिनाख्त करने और चोरी गये सामान की बरामदगी के छापेमारी कर रही है.
शशिभूषण प्रसाद, थानाध्यक्ष, महुआ
