खासपट्टी टोला स्थित एक मकान में रखी गयी थी शराब
हाजीपुर/अरनियां : जंदाहा थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर भात गांव के खास पट्टी टोला में जंदाहा पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गयी छापेमारी में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली. छापेमारी के दौरान घर में छिपा कर रखे गये 113 कार्टून शराब के साथ एक धंधे बाज को भी गिरफ्तार किया. जंदाहा पुलिस ने बताया कि बड़ी मात्रा में शराब छुपा कर रखे जाने की सूचना के सत्यापन एवं उचित कार्रवाई के लिए पुलिस अवर निरीक्षक अमरेंद्र कुमार सिंह एवं पुलिस अवर निरीक्षक रामउदय शर्मा पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे थे. पुलिस ने बताया कि सूचना वाली जगह पर पहुंचते ही वहां बैठे दो व्यक्ति भागने लगे,
जिसे पुलिस के जवानों द्वारा खदेड़ कर उनमें से एक व्यक्ति को पकड़ लिया जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल रहा. गिरफ्तार बृजीत प्रताप सिंह उर्फ भूलटून सिंह से पूछने पर भागे हुए व्यक्ति का नाम संतोष सिंह बताया गया. पूछने पर भुलटुन सिंह ने बताया कि वह इसी घर में रहता है तथा उसके माता-पिता उससे अलग रहते हैं, वह यहां रहकर संतोष के साथ शराब का धंधा करता है. उसने बताया कि हमारे यहां से संतोष का बेटा विपुल सुधांशु शराब का कैटरिंग करता है.
यहां से अलग-अलग जगहों पर मांग के मुताबिक शराब पहुंचाया जाता है. लोगों का कहना है कि इस टोला में अवैध शराब के कई कारोबारी हैं. इसके बाद पुलिस द्वारा विधिवत घर की तलाशी ली गयी. जहां से घर में छिपा कर रखे अवैध शराब की 113 कार्टन, जिसमें रॉयल स्टैग के 750 मिली लीटर का 32 कार्टून, 375 मिली लीटर का 45 कार्टून, 180 मिली लीटर का 35 कार्टून एवं 16 पीस बीयर का बोतल बरामद हुआ. कुल 3090 बोतल शराब पुलिस ने वहां से बरामद किया. इस संदर्भ में थाना कांड संख्या 165/17 के तहत बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
बताया गया है कि इस खास पट्टी से कुछ दिन पूर्व भी एक मकान से अवैध शराब बरामद हुआ था जिसमें एक महिला गिरफ्तार भी हुई थी.
बुधवार की अहले सुबह एक गुप्त सूचना मिला कि मुकुंदपुर भात गांव के खास पट्टी टोला निवासी गजेंद्र प्रसाद सिंह के पुराने मकान में जहां उनका पुत्र भूलटुन सिंह रहता है उसका बगलगीर संतोष सिंह के साथ अवैध शराब का धंधा करता है उसी मकान में शराब रखा है. उक्त सूचना के तहत पुलिस ने छापेमारी की और वहां से 113 कार्टन शराब जब्त किया.
ओमप्रकाश,जंदाहा थानाध्यक्ष
दो कार्टन शराब के साथ दो गिरफ्तार, भेजा जेल
देसरी. बुधवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर देसरी थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के देसरी-गाजीपुर पथ में उफरौल काली स्थान के पास शराब की देने जाने के दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति को दो कार्टन अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये व्यक्ति देसरी थाना क्षेत्र के खोकसा कल्याण निवासी धर्मेंद्र सिंह एवं भिखारी सिंह है.
थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि देसरी-गाजीपुर पथ से होकर विदेशी शराब की डिलेवरी कारोबारी बाइक से करने वाला है. जिस पर देसरी थाने के सअनी पोतन राम चौधरी पुलिस बल के साथ उफरौल काली स्थान पहुंच कर बाइक सवार की इंतजार करने लगे. रात के करीब दस बजे पर एक बाइक आने की रोशनी सड़क पर दिखाई दी. जैसे ही बाइक सवार आया कि पहले से मौजूद पुलिस बल उसे पकड़ लिया. गिरफ्तार दोनों व्यक्ति को जेल भेज दिया गया है.
