राजापाकर : सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही से एक वृद्ध व्यक्ति की जान चली गयी. ज्ञात हो कि निर्माण कंपनी द्वारा सड़क निर्माण बिदुपुर बाजार से अक्षय वटनगर होते हुए राजापाकर, बेलकुंडा, सराय तक किया जा रही है, जो हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य सड़क को जोड़ती है. सड़क में कई जगह पुल-पुलिया बनाये गये हैं, जहां डायवर्सन सही ढंग से नहीं बनाये गये हैं. इससे बराबर घटना घटती रहती है. वहीं बुधवार की रात अक्षयवट नगर बिदुपुर बाजार के बीच में अंधरबारा ग्राम में अर्धनिर्मित पुल को सड़क से जोड़ा नहीं गया है. बीच में खाली जगह रहने से बीती रात एक वृद्ध की पुल से साइकिल से आने के क्रम में साइकिल सहित पानी भरे
गड्ढे में गिर जाने से मौत हो गयी. अगली सुबह लोगों ने पुल के नीचे एक वृद्ध व्यक्ति का शव पर देखा, तो हल्ला किया. घटना की सूचना पर दर्जनों लोग पहुंच गए. लेकिन किसी ने शव की पहचान नहीं की. घटना की सूचना पर बराटी ओपी प्रभारी शाहनवाज खान सुरक्षाबलों के साथ मौके पर पहुंचे एवं शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया. सूचना पाकर बिदुपुर पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन सीमा विवाद को लेकर वह बैरंग लौट गयी. थाना प्रभारी रितेश कुमार मंडल ने बताया कि उनके सीमा क्षेत्र में नहीं है. मामला बरांटी ओपी का है.
