लालगंज : नगर पंचायत लालगंज के भारतीय स्टेट बैंक की लालगंज शाखा के दो एकाउंट से लगभग 19 लाख रुपये की फर्जी निकासी का मामला सामने आया है. निकासी फर्जी चेक के जरिये किया गया है. जिसकी जानकारी उपरांत नगर पंचायत लालगंज के कार्यपालक पदाधिकारी महेश प्रसाद ने एसबीआइ के लालगंज शाखा के शाखा प्रबंधक के खिलाफ लालगंज थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
इस संबंध में लालगंज नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी महेश प्रसाद ने बताया कि बीआरजीएफ योजना मद में तीन लाख 85 हजार रुपये की अवैध निकासी की जानकारी ऑडिट के क्रम में हुई. ऑडिटर द्वारा फर्जी निकासी की सूचना मुझे दी गयी. छानबीन में पता चला कि नगर पंचायत लालगंज के दो एकाउंट से बीआरजीएफ और 13वे वित्त योजना की 18 लाख 65 हजार राशि का छह चेकों द्वारा फर्जी निकासी कर लिया गया है.
छह जनवरी से 18 फरवरी के बीच दो अलग अलग व्यक्तियों द्वारा यूनियन बैंक एवं कॉमर्शियल बैंक के खातों में पैसा ट्रांसफर कर लिया गया है. जिसकी निकासी फर्जी चेक के माध्यम से किया गया है. उन्होंने कहा कि फर्जी निकासी करने वाला दोनों व्यक्ति द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर भी एक ही है.
